खेल
21-Feb-2026
...


:: किशन चंद मंघनानी स्मृति स्पर्धा में कड़े मुकाबले; इंदौर के अभय प्रशाल में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश वेटरन्स टेबल टेनिस कमेटी द्वारा आयोजित किशन चंद मंघनानी स्मृति राज्य मास्टर्स टेबल टेनिस स्पर्धा के ग्रुप लीग मुकाबलों में वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों ने उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इंदौर के अभय प्रशाल में जारी इस प्रतियोगिता में भोपाल के कुणाल गजभिये, इंदौर के प्रमोद सोनी, नवीन नातू और ग्वालियर के एस.टी. दहोवासे ने अपने-अपने आयु वर्गों में जीत दर्ज की। महिला वर्ग में भी कड़े मुकाबले देखने को मिले, जहाँ भोपाल की संध्या सोमानी, संस्कृति मिश्रा, छिंदवाड़ा की मीनाक्षी श्रीवास, इंदौर की मनीषा कटारिया और नीता वैष्णव ने शानदार खेल दिखाते हुए अंतिम आठ में जगह पक्की की। प्रतियोगिता के पुरुष 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में कुणाल गजभिये ने रोहित गुप्ता को 3-0 से, नवीन नातू ने श्रीकृष्ण राजपूत को 3-0 से और मनीष जोशी ने विशाल वर्मा को 3-0 से पराजित किया। इसी तरह 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में विशाल जोशी ने इरफान शेख को, ओम गुप्ता ने विक्रम वडनेरे को और नितिन खाब्या ने दीपनारायण भट्टाचार्य को समान अंतर 3-0 से शिकस्त दी। 50 वर्ष से अधिक वर्ग में विशाल अरोरा ने राकेश पांडे को और प्रशांत महंत ने विवेक चौकसे को मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया। 55 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में किशोर मोटवानी ने अमिताभ श्रीवास्तव को 3-0 से और प्रभाकर राव ने जितेंद्र तवरी को 3-1 से हराकर अपना वर्चस्व कायम रखा। ग्रुप लीग के अन्य मुकाबलों में 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में ग्वालियर के एस.टी. दहोवासे ने सतीश बाबरे को 3-0 से और अजय पंडित ने मोहन बोदनकर को 3-1 से हराया। 70 वर्ष से अधिक के वरिष्ठ वर्ग में प्रमोद सोनी ने अशोक मांजरेकर को 3-1 से और जयंत रतन पारखी ने सुरेंद्र वशिष्ठ को 3-0 से शिकस्त दी। महिला एकल में संध्या सोमानी ने मीनाक्षी श्रीवास को 3-0 से और संस्कृति मिश्रा ने साधना नेहलानी को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में स्थान बनाया। युगल वर्ग में प्रभाकर राव और जितेंद्र तवरी की जोड़ी ने शांतनु बनर्जी व एस.पी. पाटिल को हराकर अपनी लय बरकरार रखी। स्पर्धा का औपचारिक शुभारंभ महापौर परिषद के सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया तथा मध्य प्रदेश ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष ओम सोनी के आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जयेश आचार्य, आसना मंघनानी, रिंकू आचार्य, नीलेश वेद व गौरव पटेल भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन आर.सी. मौर्य ने किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन धर्म बंजारा द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के आगामी दौर के मुकाबले रविवार को खेले जाएंगे। प्रकाश/21 फरवरी 2026