ज़रा हटके
22-Feb-2026
...


-स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दी चेतावनी बीजिंग,(ईएमएस)। सोशल मीडिया पर अब चीन में एक अजीब और खतरनाक ट्रेंड तेजी से फैल रहा है, जिसे ‘प्लास्टिक ईटिंग’ या ‘क्लिंग रैप डाइट’ कहा जा रहा है। इस ट्रेंड में युवा अपने मुंह पर प्लास्टिक रैप लगाकर उसमें खाना डालते हैं, उसे चबाते हैं और फिर थूक देते हैं। दावा किया जाता है कि इससे बिना कैलोरी लिए दिमाग को ‘फुल’ महसूस कराया जा सकता है और वजन नियंत्रित रहता है। टिकटॉक, डौयिन और एक्स पर इसके वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं और लाखों व्यूज बटोर रहे हैं। चीन में जारी क्लिंग रैप डाइट को लेकर वीडियो तेजी से वायरल हुए हैं, जिस पर दुनियाभर में चर्चा आम हो गई है। इसे लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह ट्रेंड बेहद खतरनाक है। नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ हेल्थ की स्टडी के अनुसार माइक्रोप्लास्टिक शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। यह पेट और आंत को प्रभावित कर सकता है, जिससे गैस, दर्द और मतली हो सकती है। प्लास्टिक के छोटे कण सांस के जरिए शरीर में जाकर फेफड़ों में सूजन और खांसी का कारण बन सकते हैं। बीपीए जैसे केमिकल हार्मोन बैलेंस बिगाड़ सकते हैं और लंबे समय में लीवर और फेफड़ों में सूजन बढ़ा सकते हैं। मेंटल हेल्थ पर भी बुरा असर विशेषज्ञों की मानें तो ऐसा करने से मेंटल हेल्थ पर भी बुरा असर हो सकता है। खाने के साथ अस्वस्थ संबंध और कैलोरी के डर से बार-बार खाना चबाना और थूकना ईटिंग डिसऑर्डर का रूप ले सकता है। विशेषज्ञ स्पष्ट कहते हैं कि इससे वजन घटता नहीं है, बल्कि बाद में भूख बढ़ने और ओवरईटिंग का खतरा होता है। यूजर्स भी जता रहे चिंता सोशल मीडिया पर लोग भी चिंतित हैं। कई यूजर्स ने चेताया कि युवा खासकर महिलाएं इस खतरनाक ट्रेंड को अपनाकर स्वास्थ्य के लिए जोखिम बढ़ा सकती हैं। ऐसा नहीं करने और बेहतर तरीके से भोजन लेने का सुझाव भी दिया जा रहा है। विशेषज्ञों का संदेश साफ है, कि वजन घटाने के लिए सुरक्षित और संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और अनुशासन ही सही तरीका है। हिदायत/ईएमएस 22 फरवरी 2026