ज़रा हटके
22-Feb-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भागदौड़, तनाव और अनियमित खानपान के कारण लोग अक्सर थकान, अपच, गैस, पेट फूलना, सुस्ती और इम्युनिटी कमजोर होने जैसी समस्याओं से जूझते रहते हैं। ऐसे में प्रकृति आधारित उपाय न केवल सरल होते हैं बल्कि शरीर को बिना किसी दुष्प्रभाव के अंदर से स्वस्थ बनाने में भी सहायक होते हैं। आयुर्वेद भी मानता है कि रोजमर्रा के आहार में कुछ प्राकृतिक चीजें शामिल कर कई समस्याओं से छुटकारा पाया जा सकता है। इन्हीं में से एक है पुदीना, नींबू और शहद से बना हेल्दी ड्रिंक, जिसे नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) ने भी नियमित रूप से सेवन करने की सलाह दी है। एनएचएम के अनुसार यह प्राकृतिक पेय शरीर को डिटॉक्स करने, पाचन तंत्र को सक्रिय रखने और मेटाबॉलिज्म बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पुदीना पेट को ठंडक देता है, गैस और एसिडिटी से राहत पहुंचाता है और पाचन को सुचारू बनाता है। नींबू विटामिन सी का समृद्ध स्रोत है, जो इम्युनिटी बढ़ाता है, शरीर से विषाक्त तत्व बाहर निकालता है और त्वचा को स्वस्थ बनाता है। शहद इसमें प्राकृतिक मिठास के साथ एंटी-बैक्टीरियल गुण जोड़ता है, जो गले की खराश और मौसमी संक्रमण में राहत देने का काम करता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सुबह खाली पेट इस ड्रिंक का सेवन शरीर को एनर्जी प्रदान करता है, जल संतुलन बनाए रखता है और पाचन क्रिया को दिन भर सक्रिय रखने में मदद करता है। गुनगुना पानी इस मिश्रण को और भी प्रभावी बनाता है, जिससे शरीर पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाता है। इससे कब्ज, अपच और पेट में भारीपन जैसी समस्याएं धीरे-धीरे कम होने लगती हैं। पुदीना और नींबू में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट त्वचा में निखार लाते हैं, चेहरे की डलनेस दूर करते हैं और प्राकृतिक ग्लो प्रदान करते हैं। इस हेल्दी ड्रिंक को तैयार करना बेहद आसान है। एक गिलास गुनगुने पानी में आधा नींबू निचोड़ें, 7 से 10 ताजी पुदीने की पत्तियां हल्का मसलकर डालें और 1–2 चम्मच शहद मिलाएं। इसे अच्छी तरह मिलाकर सुबह धीरे-धीरे पीना चाहिए। हालांकि डायबिटीज या ज्यादा एसिडिटी वाले लोगों को इसका सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी बताया गया है। सुदामा/ईएमएस 22 फरवरी 2026