राष्ट्रीय
22-Feb-2026


-राहगीरों ने रोका तो भागी महिला, पकड़कर बोरा खोला तो निकली बच्ची फिर हुई धुनाई कल्याणपुर,(ईएमएस)। यूपी के कानपुर शहर के कल्याणपुर में सड़क पर जा रही महिला के कंधे पर लदे बोरे से बच्चे के चीखने की आवाज सुनकर राहगीर हैरान रह गए उन्होंने महिला को रोका और उससे पूछताछ की। इससे महिला ने दौड़ लगा दी लोगों ने उसे पकड़ा। बोरा खोला तो उसमें चार साल की मासूम बच्ची निकली। उसे महिला टॉफी का लालच देकर बोरे में भरकर लाई थी। पहले भीड़ ने महिला की पिटाई की और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में महिला पागलों जैसा बर्ताव करने लगी। इसके बाद पूछताछ के लिए एंटी हृयूमन ट्रैफकिंग यूनिट को बुलाया गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पनकी के गंगागंज कच्ची बस्ती में बंधा के किनारे झोपड़ी डालकर रहने वाले मनीष यादव ई-रिक्शा चलाते हैं। परिवार में पत्नी पूजा और चार साल की बेटी सेजल है। मनीष ने बताया कि शनिवार देर शाम सेजल घर के बाहर खेल रही थी, तभी वहां पहुंची महिला ने उसे टॉफी का लालच देकर पास बुलाया और कुछ दूर तक साथ ले गई। मौका पाकर महिला ने उसके ऊपर से बोरा डाल दिया और उठाकर ले जाने लगी। बोरे से बच्ची के रोने की आवाज सुनकर राहगीरों ने महिला को रोकने का प्रयास किया, तो वह भागने लगी। इस पर राहगीरों और दौड़ाकर महिला को पकड़ लिया। बोरे में बच्ची छटपटा रही थी। लोगों ने आनन-फानन उसे बाहर निकला। राहगीरों ने बताया कि महिला ने पहले उसे अपनी बेटी बताया फिर बरगलाने लगी। इस पर गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। पुलिस पूछताछ में महिला ने अपनी पहचान गोंडा के आर्यनगर निवासी कुनका बताया है। वर्तमान में वह कला का पुरवा गांव में रह रही है। पनकी थाना प्रभारी ने बताया कि बच्ची सकुशल है और माता-पिता के पास है। घटना के संबंध में आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक जांच में आया है कि वह कूड़ा बीनने का काम करती है। महिला की उम्र करीब 50 साल है। पुलिस की पूछताछ में वह पागलों जैसा व्यवहार कर रही है। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला किसी गैंग से जुड़ी है या किसी और कारण से बच्चा चुराने का प्रयास किया, जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा। सिराज/ईएमएस 22फरवरी26