,,,,भारत का विकास ही भाजपा का एकमात्र उद्देश्य है : विधायक उमाकांत शर्मा,,,, सिरोंज (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी संगठन द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में मनाने के क्रम में रविवार को जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अजीवन सहयोग निधि संग्रह अभियान एवं विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबीजीआरएम) पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। कार्यशाला का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय, भारतमाता एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण से किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि एवं वक्ता के तौर पर क्षेत्रीय विधायक उमाकांत शर्मा उपस्थित रहे। संगठन की एकता एवं विचारधारा पर विधायक श्री शर्मा ने दिया जोर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री उमाकांत शर्मा ने कार्यकर्ताओं की एकता एवं समर्पण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि आज कुछ लोग सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेश फैलाकर पार्टी एवं संगठन की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं, किंतु कार्यकर्ताओं को इन अफवाहों पर ध्यान न देते हुए सक्रिय रहकर विचारधारा और संगठन के लिए कार्य करते रहना है, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि पंडित जी की आर्थिक स्थिति अत्यंत साधारण थी और उनका लालन-पालन नाना जी के परिवार में हुआ था। जब गुरु जी ने उन्हें राजनीति में आने का आग्रह किया तो उन्होंने असहमति जताई, जिस पर गुरु जी ने स्पष्ट कहा कि समाज और राष्ट्रहित के लिए व्यक्तिगत रुचि न होने पर भी कार्य करना हर व्यक्ति का कर्तव्य है। पंडित जी ने देश के कोने-कोने में घूमकर अपनी विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाने का महान कार्य किया, कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए विधायक श्री शर्मा ने कहा कि यह पार्टी आरंभ से ही परिवारवाद की राजनीति करती रही है। देश की स्वतंत्रता के पश्चात प्रधानमंत्री पद के चुनाव में सरदार वल्लभभाई पटेल विजयी हुए थे, किंतु प्रधानमंत्री पद पंडित नेहरू जी को सौंपा गया। उन्होंने यह भी कहा कि आज कई लोग गांधी सरनेम का उपयोग कर रहे हैं, जबकि वास्तविक गांधी परिवार के वंशज सक्रिय राजनीति में नहीं हैं, विकास की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हमें वह दौर याद रखना चाहिए जब गाँवों तक पहुँचने के लिए कच्चे रास्तों पर चलना पड़ता था। पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी ने गाँव-गाँव तक सड़कों का जाल बिछाया और आज देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार के हालिया बजट में ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के लिए अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं को सम्मिलित किया गया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अजीवन सहयोग निधि में योगदान दिया। संगठन द्वारा इस बार कार्यकर्ताओं से सहयोग निधि के लिए राशि चेक की माध्यम से प्राप्त की गई हैं। जी राम जी में केवल नाम हीं नहीं बदला बल्कि योजना को और लाभकारी भी बनाया कार्यशाला के द्वितीय सत्र को पूर्व जनपद अध्यक्ष श्री जितेंद्र बघेल ने संबोधित किया। उन्होंने वीबीजीआरएम विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि कांग्रेस द्वारा इस योजना के नाम परिवर्तन को लेकर विरोध किया जा रहा है, किंतु वास्तविकता यह है कि इसमें किए गए बदलावों से ग्रामीण जनता को पहले की तुलना में कहीं अधिक लाभ मिल रहा है, उन्होंने बताया कि ब्रिटिश काल से ग्रामीण रोजगार की परंपरा चली आ रही है, जो क्रमशः जवाहर योजना, नरेगा और मनरेगा के नाम से संचालित होती रही। इन योजनाओं में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार सामने आया। अब प्रधानमंत्री जी ने योजना के नाम के साथ-साथ उसके प्रावधानों में भी सुधार किए हैं। पहले श्रमिकों को 100 दिन का रोजगार मिलता था, जिसे अब बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। इसके साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया है कि आवेदन के 15 दिनों के भीतर रोजगार अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराया जाए। विधायक जी ने कार्यकर्ताओं से भेंट कर सुनीं समस्याएँ कार्यक्रम के समापन पर विधायक श्री उमाकांत शर्मा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत भेंट की और उनके द्वारा प्रस्तुत आवेदनों के माध्यम से अवगत कराई गई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। कार्यक्रम का आभार श्री कैलाश शर्मा ने किया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री मनमोहन साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दरयाव सिंह कुर्मी, वरिष्ठ भाजपा नेता श्री हरिबाबू भार्गव, श्री संतोष चौरे, श्री सीताराम कुशवाह, श्री रमेश यादव, श्री झार सिंह दांगी, श्री चरण सिंह राजपूत सहित नगरमंडल, देवपुर मंडल एवं चितावर मंडल के भाजपा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ईएमएस/मोहने/ 22 फरवरी 2026