क्षेत्रीय
22-Feb-2026


ग्वालियर में बिजौली थाना क्षेत्र के कस्तूरी मैरिज गार्डन, गणेशपुरा में शनिवार रात शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से आ रहे युवक को ऑटो चालक ने लापरवाही से टक्कर मार दी। ऑटो की टक्कर से बाइक सवार युवक सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। जिस समय हादसा हुआ, उसका भाई मैरिज गार्डन के सामने इंतजार कर रहा था और उसके सामने ही एक्सीडेंट में उसके भाई की मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। भिंड स्थित मौ निवासी 45 वर्षीय बलराम पुत्र रामेश्वर बघेल एक प्राइवेट फर्म में नौकरी करते थे। काम के सिलसिले में बलराम हाल ही में बड़ागांव मुर्गी फार्म के पास रह रहे थे। उनके साथ उनका छोटा भाई अरविंद बघेल भी रहता है। गणेशपुरा स्थित कस्तूरी मैरिज गार्डन में रिश्तेदार के यहां शनिवार को शादी थी, इसलिए अरविंद बघेल पहले पहुंच गया था, जबकि बलराम ने कुछ देर बाद आने की बात कही थी। शाम करीब 7 बजे बलराम अपनी बाइक से शादी में शामिल होने आ रहे थे। कस्तूरी मैरिज गार्डन के सामने पहुंचते ही सामने से आ रहे ऑटो नंबर मप्र 07 ZZ -2460 के चालक ने लापरवाही बरतते हुए बाइक को टक्कर मार दी। ऑटो की टक्कर से बलराम सड़क पर गिर गए। मैरिज गार्डन के सामने उनका इंतजार कर रहे छोटे भाई अरविंद ने साथियों की मदद से उन्हें तुरंत मुरार अस्पताल पहुंचाया। घायल बाइक सवार की मौत की पुष्टि होते ही अस्पताल ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद मर्ग कायम कर लिया।