रायपुर (ईएमएस)। डीसीपी सेंट्रल ज़ोन रायपुर के निर्देशन में थाना गंज पुलिस एवं क्राइम यूनिट रायपुर की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के पास से 08 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। प्रकरण में एक वयस्क आरोपी तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया गया है। थाना गंज में अपराध क्रमांक 58/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। गिरफ्तार वयस्क आरोपी का नाम सनी संतोष काले (उम्र 22 वर्ष), निवासी उकलेवसती, दहीवाडी, शिकरापुर, जिला पुणे (महाराष्ट्र) है। वहीं प्रकरण में एक 16 वर्ष 09 माह आयु का विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पिट्ठू बैग में रखे 08 किलोग्राम गांजा, मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन,एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन जिसकी कुल कीमत लगभग 5,55,000/- आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया। वहीं विधि से संघर्षरत बालक के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत पृथक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। सत्यप्रकाश/चंद्राकर/22 फरवरी 2026