राज्य
23-Feb-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) जस्टिस विजय कुमार शुक्ला, उच्च न्यायालय खंडपीठ इंदौर के मुख्य आतिथ्य तथा एडिशनल पुलिस कमिश्नर आरके सिंह के विशेष आतिथ्य में संभाग के अभियोजन अधिकारियों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से एक दिनी संभागीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता संचालक लोक अभियोजन मप्र बीएल प्रजापति ने की। लोक अभियोजन मप्र भोपाल के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला की जानकारी देते सहायक जिला लोक अभियोजन अधिकारी अभिषेक जैन ने बताया कि कार्यशाला की शुरुआत सहायक निदेशक अभियोजन आरएस भदौरिया के स्वागत भाषण से हुई। जस्टिस शुक्ला ने एससी/एसटी (एट्रोसीटीज) एक्ट 1989 के तहत पंजीबद्ध प्रकरणों में विचारण के दौरान अभियोजन अधिकारीगण की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने आपराधिक न्याय प्रणाली के तीनों अंगों की सहभागिता की महत्ता को रेखांकित किया। न्यायाधीश (वाणिज्यिक न्यायालय) अमित सिंह सिसोदिया एवं न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी मंदसौर चिराग अरोड़ा ने नवीन आपराधिक कानून 2023 के परिपेक्ष्य में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य संग्रहण एवं प्रस्तुतिकरण पर अधिकारियों को व्यावसायिक कार्य दक्षता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण दिया। आनंद पुरोहित/ 23 फरवरी 2026