- मां की डांट से नाराज़ बगैर बताए भोपाल जा रही थी इन्दौर (ईएमएस) 10वीं कक्षा की एक छात्रा के दो दिन पहले लापता होने के सनसनीखेज मामले में उस समय नया मोड़ आ गया जब दिल्ली रेलवे स्टेशन पर वह मिल गई। दिल्ली रेलवे पुलिस को उसने पूछताछ में बताया कि उसे मां ने पढ़ाई को लेकर डांटा था, जिससे नाराज होकर वह बगैर किसी को बताएं घर से निकल अपने नाना के घर भोपाल जाने के लिए ट्रेन में बैठी थी, लेकिन गलती से दिल्ली जाने वाली ट्रेन में चढ़ गई और वहां पहुंच गई। पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया और उसके वहां होने की सूचना दी। सूचना के बाद भोपाल से उसके मामा उसे लेने दिल्ली रवाना हुए। फिलहाल छात्रा को पुलिस संरक्षण में रखा गया है। परिवार के अनुसार, छात्रा मानसिक रूप से कमजोर है, जिससे वे बेहद चिंतित थे। परिवार में उसका एक छोटा भाई है, जबकि पिता ऑटो चालक हैं। छात्रा के सुरक्षित मिलने से परिवार ने राहत की सांस ली है। छात्रा इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र स्थित कृष्णबाग कॉलोनी की रहने वाली है। वह निजी स्कूल में 10वीं कक्षा में पढ़ाई करती है। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे वह कोचिंग के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसी रात उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। परिवार को अनहोनी की आशंका थी। कल रात नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस ने उसको वहां संदिग्ध अवस्था में घूमते देखा और पूछताछ की तब पूरे मामले का पता चला और उसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों से सम्पर्क कर उन्हें सूचित किया। आनंद पुरोहित/ 23 फरवरी 2026