कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिला दर्री नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत एनटीपीसी प्लांट रोड स्थित के सी जेन मार्ग (K C-Gen Road) के आसपास फैले अवैध अतिक्रमण पर प्रशासन ने कार्यवाही शुरू कर दी हैं। बताया जा रहा हैं की लंबे समय से इस मुख्य मार्ग के अंदरूनी हिस्सों में शासकीय जमीन पर किए गए बेजा कब्जे को हटाने बड़ी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। आरोप लगाते हुए बताया जा रहा है कि के सी जेन मार्ग के पास अंदर की जमीन पर रसूखदारों और स्थानीय कब्जाधारियों ने अवैध रूप से बाउंड्री वॉल और अस्थाई ढांचे खड़े कर लिए थे। जानकारी के अनुसार दर्री नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता जेसीबी और भारी अमले के साथ मौके पर पहुँच चुका है। चूँकि यह एनटीपीसी का महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए कार्यवाही के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि आवागमन और प्लांट के कार्यों में बाधा न आए। प्रशासन की इस अचानक कार्यवाही से कब्जाधारियों में अफरा-तफरी का माहौल है। कई लोग अपना सामान खुद समेटते नज़र आए, तो कहीं नगर निगम का बुलडोजर अवैध ढांचों को जमींदोज कर रहा है। नगर निगम ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा हैं की शासकीय जमीन पर किया गया कोई भी कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विकास कार्यों और प्लांट की सुरक्षा के लिए यह मार्ग साफ करना अनिवार्य है। 23 फरवरी / मित्तल