23-Feb-2026
...


इतिहास में पहली बार है जब विधानसभा और परिषद दोनों में ही नेता प्रतिपक्ष नहीं नागपुर,(ईएमएस)। महाराष्ट्र विधानसभा का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो गया। राज्य के इतिहास में पहली बार है जब विधानसभा और परिषद दोनों में ही नेता प्रतिपक्ष नहीं है। शिवसेना (यूबीटी) विधायक भास्कर जाधव ने दावा किया कि पहले सिंगल डिजिट विधायकों वाली पार्टियों को भी यह पद मिला है, जबकि उनकी पार्टी के 20 विधायक होने के बावजूद पद नहीं दिया गया। यह खाली जगह 2024 के विधानसभा चुनावों के बाद से ही खाली है, जिसमें किसी भी विपक्षी पार्टी ने एलओपी की मान्यता के लिए जरूरी 10फीसदी संख्या को पार नहीं किया था। उधर 2026-27 फाइनेंशियल ईयर के लिए राज्य का बजट सीएम देवेंद्र फडणवीस 6 मार्च को पेश करेंगे। पहले इसे अजित पवार करने वाले थे, लेकिन बारामती में 28 जनवरी को हुए विमान हादसे में उनका निधन हो गया। बजट सेशन से पहले फडणवीस ने कहा कि अजित पवार ने बजट पेश करने की पूरी तैयारी कर ली थी। यह सुनेत्रा पवार के लिए एक नया अनुभव होगा, मुझे पूरा भरोसा है कि वह अजित दादा की तरह ही अपना रोल निभाएंगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक विपक्षी महाविकास अघाड़ी ने इस घटनाक्रम को लोकतांत्रिक नियमों के लिए खतरा बताया और तर्क दिया है कि दोनों सदनों में एलओपी की गैरमौजूदगी ऐसे समय में संस्थागत जांच और संतुलन को कमजोर करती है जब सत्ताधारी बीजेपी के नेतृत्व वाली महायुति के पास भारी बहुमत है। शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने रविवार को एलओपी पोस्ट न दिए जाने को लोकतंत्र पर धब्बा बताया और दावा किया कि सरकार को जवाबदेह ठहराने की विपक्ष की संवैधानिक भूमिका को कमजोर किया जा रहा है। बात दें पिछले साल दिसंबर में कांग्रेस एमएलसी प्रज्ञा साटव के इस्तीफे से 78 सदस्यों वाली लेजिस्लेटिव काउंसिल में स्थिति और मुश्किल हो गई है, जिससे पार्टी की अपर हाउस में एलओपी पोस्ट पर दावा करने की उम्मीदें टूट गईं। दिवंगत कांग्रेस सांसद राजीव साटव की पत्नी प्रज्ञा ने पिछले साल 18 दिसंबर को सीएम फडणवीस की मौजूदगी में बीजेपी में शामिल होने से पहले इस्तीफा दे दिया था। उनका यह कदम 2024 के असेंबली इलेक्शन में बीजेपी के नेतृत्व वाले महायुति अलायंस की बड़ी जीत के एक साल बाद आया। उनके जाने से पहले, काउंसिल में कांग्रेस के आठ सदस्य थे, जो एलओपी पोस्ट पर दावा करने के लिए जरूरी 10 फीसदी की लिमिट को पूरा करते थे। पार्टी ने इस रोल के लिए सीनियर लीडर सतेज पाटिल को नॉमिनेट किया था। हालांकि, उनके इस्तीफे से पार्टी की संख्या सात रह गई, जिससे उसका दावा बेकार हो गया। सिराज/ईएमएस 23फरवरी26 ----------------------------------