23-Feb-2026
...


-जानकार बोले- इस दौरे से भारत को फायदा होगा और उसे रणनीतिक बढ़त मिलेगी नई दिल्ली,(ईएमएस)। पीएम नरेंद्र मोदी 25 फरवरी से इजराइल दौरे पर जा रहे हैं। अपने प्रधानमंत्री कार्यकाल में वह दूसरी बार इजराइल जाएंगे। वह 2017 में इजराइल गए थे। एक तरफ भारत के संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब और बहरीन जैसे देशों से बहुत अच्छे रिश्ते हैं तो वहीं इजराइल के साथ भी उसके लंबे समय से संबंध हैं। ऐसी स्थिति में पीएम मोदी का फिर से इजराइल दौरा अहम माना जा रहा है। इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू 2025 में ही तीन बार भारत आने के प्लान बना चुके थे, लेकिन हर बार उन्हें यात्रा स्थगित करनी पड़ी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक रणनीतिक और विदेश मामलों के जानकार का कहना है कि पीएम मोदी के इजराइल दौरे से इससे भारत को फायदा होगा और उसे रणनीतिक बढ़त मिलेगी। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ऐसे समय में इजराइल का दौरा करने वाले हैं, जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ऐलान किया है कि कभी भी ईरान पर हमला हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में पीएम मोदी की इजराइल यात्रा भले ही थोड़ी अलग चीज लगे, लेकिन इसका रणनीतिक महत्व है और यह सधा हुआ कदम लगता है। रणनीतिकार ने कहा कि अमेरिकी युद्धपोत तैयार हैं। ऐसे समय में इजराइल जाकर पीएम मोदी यह संकेत देंगे कि मध्य पूर्व में भारत एक बड़ी शक्ति है। अब भी वह युद्धों के बीच भी एक मजबूत कड़ी है और आपस में शांति भी करा सकता है। उन्होंने यह संकेत देने की कोशिश की है कि अस्थिरता के बीच भी भारत मजबूत स्थिति में है। यह विजिट ऐसे समय में हो रही है, जब कुछ दिन पहले ही अरब देशों के विदेश मंत्रियों की समिट दिल्ली में थी। इसके अलावा इजराइल में भी आंतरिक संघर्ष छिड़ा हुआ है। विपक्ष के नेता लगातार हमलावर हैं और नेतन्याहू पर धावा बोल रहे हैं। ऐसे में मोदी के इजराइल दौरे से यह संदेश जाएगा कि नेतन्याहू सरकार के साथ दुनिया के कई बड़े मुल्क हैं। मोदी के इस दौरे से यह संदेश जाएगा कि भारत का अरब में मजबूत दखल है। सिराज/ईएमएस 23फरवरी26