भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर डिवीजन ने बताया जम्मू,(ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में 326 दिनों तक चले हाई-एल्टीट्यूड ऑपरेशन में 7 खतरनाक आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया हैं। भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर (16 कोर) ने इसकी जानकारी दी। व्हाइट नाइट कोर ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट किया, किश्तवाड़ इलाके में 326 दिनों तक लगातार हाई-एल्टीट्यूड अभियान चलाए गए। इस दौरान सेना ने मुश्किल इलाकों में ठंडे, गीले और बर्फीले मौसम के बीच आतंकवादियों को ट्रैक किया। इस दौरान सेना की आंतकवादियों से कई बार मुठभेड़ हुई। व्हाइट नाइट कोर की टुकड़ियों, जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने खुफिया एजेंसियों के मजबूत खुफिया तंत्र के आधार पर आखिरकार किश्तवाड़ के चटरू क्षेत्र में सभी सात कुख्यात आतंकवादियों को मौत की नींद सुला दिया। व्हाइट नाइट कोर ने अपनी पोस्ट में बताया कि ऑपरेशन में मदद के लिए एफपीवी ड्रोन, सैटेलाइट इमेजरी, आरपीए/यूएवी और संचार साधनों के रूप में तकनीक का लगातार इस्तेमाल हुआ। हमारी सेनाओं की लगातार कोशिश और दृढ़ संकल्प, जिसका नतीजा सैफुल्लाह और उसके साथियों का खत्म होना था, यह साबित करता है कि हमारे जवानों और इंटेलिजेंस एजेंसियों के संकल्प, साहस और वीरता के सामने कोई नहीं टिक सकता। भारतीय सेना ने कहा कि यह आतंक नेटवर्क पर एक बड़ा प्रहार है। व्हाइट नाइट कोर ने मारे गए आतंकदियों की तस्वीर भी शेयर की है, जिसके ऊपर लाल रंग में क्रॉस लगे हुए हैं। इसके पहले, सेना ने संयुक्त अभियान में तीन आतंकवादियों को मार गिराया। ऑपरेशन त्रासी-1 के तहत किश्तवाड़ में इन आतंकियों को मारा गया। व्हाइट नाइट कोर ने जानकारी दी कि आतंकवादी के अवशेष और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। सेना ने कहा, स्थिरता को कमजोर करने वालों के लिए कोई जगह, कोई पनाहगाह नहीं है। आशीष दुबे / 23 फरवरी 2026