अंतर्राष्ट्रीय
24-Feb-2026
...


अस्पताल प्रशासन ने कहा- खान को फॉलो-अप चेकअप के लिए लाया गया था इस्लामाबाद,(ईएमएस)। पाकिस्तान के पूर्व पीएम इमरान खान को आंख के इलाज के लिए सोमवार को जेल से इस्लामाबाद के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उनकी दाहिनी आंख में इंजेक्शन दिया और जांच के बाद उन्हें वापस जेल भेज दिया गया। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक इमरान खान को फॉलो-अप चेकअप के लिए लाया गया था। जनवरी में उनकी आंख में राइट सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन की समस्या सामने आई थी। यह एक गंभीर बीमारी है, जिसमें आंख की नस में खून का थक्का जम जाता है और रोशनी पर असर पड़ता है। सुप्रीम कोर्ट में जमा मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक इमरान खान ने दावा किया है कि उनकी दाहिनी आंख में अब केवल 15 फीसदी रोशनी बची है। बता इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं। उन्हें भ्रष्टाचार मामले में 14 साल की सजा सुनाई गई है। इसके अलावा तोशाखाना से जुड़े एक अन्य मामले में भी उन्हें दोषी ठहराया जा चुका है। वह फिलहाल रावलपिंडी की अदियाला जेल में सजा काट रहे हैं। इधर, उनकी सेहत को लेकर पाकिस्तान की राजनीति गरमाई हुई है। सोमवार को पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के नेताओं और विपक्षी गठबंधन तहरीक-ए-तहफुज-ए-आइन-ए-पाकिस्तान के कार्यकर्ताओं ने सुप्रीम कोर्ट के बाहर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि इमरान खान के खिलाफ सभी मामलों की तुरंत सुनवाई तय की जाए और उनके परिवार को उनसे मिलने की अनुमति दी जाए। विपक्षी नेताओं ने कहा कि इमरान खान का पूर्ण चिकित्सीय परीक्षण उनके निजी डॉक्टरों की निगरानी में कराया जाए। उन्होंने सरकार से कदम उठाने का आग्रह किया, जिसमें इमरान खान के परिवार और डॉक्टरों को उनसे मिलने की अनुमति देना भी शामिल है। सिराज/ईएमएस 24फरवरी26 -----------------------------------