अंतर्राष्ट्रीय
24-Feb-2026
...


करीब चार करोड़ से ज्यादा लोग इस बर्फीले तूफान की चेतावनी के दायरे में न्यूयॉर्क,(ईएमएस)। एक शक्तिशाली और तेज असर वाला बॉम्ब साइक्लोन अमेरिका के उत्तर-पूर्वी हिस्से को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। वर्जीनिया से लेकर मेन तक भारी बर्फबारी हो रही है और चार करोड़ से ज्यादा लोग इस बर्फीले तूफान की चेतावनी के दायरे में हैं। तूफान से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में दो फीट तक बर्फ गिरने की संभावना है, जबकि फिलाडेल्फिया, न्यूयॉर्क और बोस्टन में एक फुट से ज्यादा बर्फबारी हो सकती है। ये कई जगहों पर पिछले कई दशकों की सबसे भीषण बर्फबारी होगी। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के उत्तर–पूर्वी हिस्से में इस तूफान की वजह से कई शहरों में यात्रा पर रोक लगा दी गई है। स्कूल बंद कर दिए गए और हजारों उड़ानें रद्द कर दी हैं। वॉशिंगटन से लेकर बोस्टन तक भारी बर्फबारी और तेज हवाओं का असर देखने को मिला रहा है। नेशनल वेदर सर्विस ने इसे उत्तर–पूर्व के लिए बड़ा शीतकालीन तूफान बताया है। अमेरिकी मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार तक उत्तरी मिड-अटलांटिक और उत्तर–पूर्वी इलाकों में तेज बर्फबारी हो सकती है। शहर में रातभर के लिए यात्रा प्रतिबंध लागू है। साल 2019 के बाद यह शहर का पहला स्नो डे है, जब सब कुछ बंद कर दिया गया है। कुछ जगहों पर एक घंटे में दो से तीन इंच तक बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है। कई क्षेत्रों में कुल बर्फबारी दो फीट तक हो सकती है। इससे हालात ऐसे बन सकते हैं कि यात्रा करना असंभव होगा। खराब मौसम और सफेद धुंध जैसी स्थिति के कारण सार्वजनिक परिवहन रोक दिया गया है, कई जगहों पर यात्रा प्रतिबंध लागू हैं और लोगों को सड़कों से दूर रहने की चेतावनी दी गई है। अब तक करीब 8,000 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जिनमें से ज्यादातर न्यूयॉर्क सिटी के हवाई अड्डों से आने-जाने वाली थीं। कई हिस्सों में बर्फीले तूफान की चेतावनी जारी की गई है। न्यूयार्क के मेयर जोहरन ममदानी ने कहा कि शहर ने पिछले दस सालों में इस पैमाने के तूफान का सामना नहीं किया है। हम न्यूयॉर्क के लोगों से सभी गैर-जरूरी यात्रा से बचने की अपील कर रहे हैं। शहर के स्कूल भी बंद रहेंगे। साल 2019 के बाद यह पहला पारंपरिक स्नो डे होगा। न्यू जर्सी में भी रात 9 बजे से यात्रा पर रोक लगाई गई है। वहीं रोड आइलैंड में लोगों से शाम 7 बजे के बाद सड़कों पर न निकलने को कहा है। जैसे-जैसे तूफान तेज हुआ, कई राज्यों ने आपातकाल घोषित कर दिया। बोस्टन और पूर्वी मैसाचुसेट्स के अधिकांश हिस्सों में दो फीट तक बर्फ गिरने का अनुमान है। यहां हवाओं की रफ्तार 75 मील प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम सर्विस ने चेतावनी दी कि तेज तटीय हवाएं डेलावेयर से केप कॉड तक तटीय बाढ़ ला सकती हैं। सेंट्रल अप्पलाचियन से तटीय मेन तक करीब 54 मिलियन लोग तूफान के रास्ते में थे, जिन्हें बर्फीले तूफान की चेतावनी का सामना करना पड़ रहा है। सिराज/ईएमएस 24फरवरी26 ----------------------------------