अंतर्राष्ट्रीय
24-Feb-2026
...


अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी पर रखा था 100 करोड़ रुपए से ज्यादा के इनाम न्यू मेक्सिको,(ईएमएस)। ड्रग माफिया एल मेंचो मेक्सिको की जलिस्को न्यू जेनरेशन कार्टेल का प्रमुख था, जिसे दुनिया के सबसे खतरनाक आपराधिक संगठनों में गिना जाता है। एल मेंचो की मौत की खबर फैलते ही उसके समर्थकों ने पूरे देश में हिंसा की। सुरक्षा मंत्री ओमर गार्सिया हारफुच के कुताबिक हिंसा में अब तक एक जेल गार्ड, राज्य अभियोजन कार्यालय का एक कर्मचारी और कार्टेल के 30 सदस्य मारे गए हैं। वहीं जलिस्को राज्य में कम से कम 25 नेशनल गार्ड जवानों की भी जान चली गई, लेकिन वह एल मेंचो, जिसे सुरक्षा एजेंसियां सालों तक पकड़ नहीं सकीं, अपनी गर्लफ्रेंड के कारण मारा गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सुरक्षा एजेंसियां कई सालों से एल मेंचो को खोज रही थी। जांच के दौरान एजेंसियों को उसकी एक गर्लफ्रेंड के बारे में जानकारी लगी। एल मेंचो अपनी गर्लफ्रेंड पर आंख मूंद कर भरोसा करता था। सुरक्षा एजेंसियां जानती थीं कि अगर वह सीधे उसकी गर्लफ्रेंड से संपर्क करेंगे तो एल मेंचो को खबर लग जाएगी। उसे एल मेंचो के ठिकाने की खबर भी रहती थी। रिपोर्ट के मुताबिक उसके ठिकाने तक पहुंचने में उसी महिला के एक भरोसेमंद करीबी शख्स से एजेंसियां जुड़ गईं उसी शख्स ने मेंचो की हर खबर एजेंसियों तक पहुंचाई। रिेपोर्ट के मुताबिक 21 फरवरी को गर्लफ्रेंड एल मेंचो से अलग होकर निकल गई, लेकिन एल मेंचो अपने सुरक्षाकर्मियों के साथ वहीं रुका रहा। इसी दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने कार्रवाई की योजना को अंतिम रूप दिया। अगले 24 घंटे के अंदर सेना, नेशनल गार्ड और वायुसेना ने संयुक्त अभियान शुरू किया। शक न हो, इसलिए मुख्य कार्रवाई जमीनी दस्तों के जरिए की गई और सीमित हवाई सहायता ली गई। रविवार सुबह सुरक्षाबलों ने तापाल्पा के बाहरी इलाके में स्थित एक केबिन परिसर को चारों तरफ से घेर लिया जैसे ही सैनिक आगे बढ़े, एल मेंचो के सुरक्षा गार्ड्स ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। मुठभेड़ में कम से कम 6 से 8 कार्टेल सदस्य मारे गए और तीन सैनिक घायल हुए। गोलीबारी के बीच एल मेंचो और उसके कुछ सहयोगी जंगल की ओर भागे। स्पेशल फोर्स की एक टीम ने उनका पीछा किया और घने जंगल में छिपे एल मेंचो को ढूंढ निकाला। दूसरी मुठभेड़ के बाद उसे और उसके दो गार्ड्स को गंभीर हालत में पकड़ा। अधिकारियों के मुताबिक एल मेंचो को हेलिकॉप्टर से राजधानी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। सरकार ने पुष्टि की कि उसे पकड़ने में अमेरिका से मिली अतिरिक्त खुफिया जानकारी ने मदद की, हालांकि जमीनी कार्रवाई में कोई अमेरिकी बल शामिल नहीं था। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी पर 100 करोड़ रुपए से ज्यादा के इनाम रखा था। एल मेंचो की मौत की खबर फैलते ही जलिस्को समेत कम से कम 20 राज्यों में हिंसा भड़क उठी। कार्टेल के लोगों ने कई शहरों में सड़कें जाम कर दीं। दर्जनों बैंक और स्थानीय कारोबारियों की दुकानों को भी जला दिया गया। राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाउम ने सेना की कार्रवाई की सराहना की और कहा कि देश में शांति और सुरक्षा बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। हालात काबू में लाने के लिए अब तक करीब 9,500 सैनिक तैनात किए जा चुके हैं, जिनमें सोमवार को पश्चिमी मेक्सिको में भेजे गए अतिरिक्त 2,500 जवान भी शामिल हैं। सिराज/ईएमएस 24फरवरी26 -----------------------------------