गुना (ईएमएस)। जिले के म्याना थाना क्षेत्र अंतर्गत गत देर शाम एक भीषण सडक़ हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब भूसा बेचकर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी। डीजल भरवाते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, ग्राम पिपरिया निवासी मुन्ना भिलाला अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भरकर बेचने के लिए म्याना गए थे। शाम को वापस लौटते समय चौका-चूल्हा के समीप पेट्रोल पंप पर डीजल भरवाने के दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुन्ना भिलाला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। गाँव में पसरा मातम मृतक के भाई भूरा ने बताया कि इस दुर्घटना में मुन्ना के साथ मौजूद किशन भिलाला, जितेन्द्र भिलाला और रामसिंह भी घायल हुए हैं। मृतक और सभी घायल एक ही गाँव के निवासी हैं और भूसा बेचने का काम करते थे। घटना के बाद घायलों और मृतक के शव को जिला अस्पताल गुना लाया गया। मंगलवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।।- सीताराम नाटानी