राष्ट्रीय
24-Feb-2026


चेन्नई,(ईएमएस)। कांग्रेस ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में अपनी सहयोगी द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) से 45 सीट की मांग की है, हालांकि सीएम एमके स्टालिन की पार्टी पिछले बार की तरह इस बार भी 25 सीट ही देने को तैयार है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक राज्य में इस साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होना है। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस के कुछ अन्य नेताओं ने सीट बंटवारे को लेकर स्टालिन से मुलाकात भी की है, लेकिन फिलहाल कोई सहमति नहीं बन सकी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि पार्टी की 45 सीट की मांग 2021 के नतीजों की समीक्षा पर आधारित है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में द्रमुक ने 173 सीट पर चुनाव लड़ा था, जिसमें 133 सीट जीती थीं और 40 हार गई थीं। उसे ज्यादातर सीट पर अन्नाद्रमुक और बीजेपी से हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी के सूत्रों के मुताबिक मजबूत स्थानीय उपस्थिति और सीधे मुकाबलों में बेहतर एकजुटता का हवाला देते हुए कांग्रेस का मानना है कि अगर उसे ज्यादा सीट दे दी जाएं तो पिछली बार हारी हुई सीट में से कम से कम 20 सीट जीती जा सकती हैं। सूत्रों ने कहा कि 45 सीट की मांग का उद्देश्य जीत की संभावना में सुधार करना, गठबंधन को मजबूत करना और 2026 से पहले संतुलित सीट-बंटवारे का फॉर्मूला सुनिश्चित करना है।। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सत्ताधारी डीएमके व कांग्रेस पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत का जारी है। इसको लकेर रविवार शाम सीएम और डीएमके अध्यक्ष एम के स्टालिन और कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल के बीच चेन्नई में मुलाकात हुई थी। इसमें दोनों ही दलों के वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। इससे पहले इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के कादर मोहिदीन ने एक प्रतिनिधिमंडल के साथ डीएमके नेताओं से मुलाकात की। सिराज/ईएमएस 24फरवरी26