राष्ट्रीय
24-Feb-2026


-आरोपी का दावा- छात्रा और उसके साथी ने ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने की कोशिश की बेंगलुरु,(ईएमएस)। बेंगलुरु के एक विला में हुई गैंगरेप की घटना में नया मोड़ आ गया है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपियों में से एक ने 19 साल की पीड़िता द्वारा यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराने के एक दिन पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोपी का दावा है कि छात्रा और पत्रकार होने का नाटक करने वाले उसके एक साथी ने उसे ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने की कोशिश की है। आरोपी ने 21 फरवरी को अपनी एफआईआर दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी राजाजीनगर में सेकंड-हैंड कारों का व्यवसाय करता है और जक्कुर में लीज पर एक विला भी चलाता है, जिसे वह किराए पर देता है। उसके दोस्त डिक्सन ने 14 से 16 फरवरी तक वैलेंटाइन डे के लिए यह विला बुक किया था। रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी का दावा है कि वह 14 फरवरी की रात करीब 2 बजे पार्टी में पहुंचा, जहां वह उस लड़की से मिला। लड़की ने अपनी निजी समस्याएं शेयर कीं और बहुत ज्यादा करीब आने की कोशिश की, जिसे उसने नजरअंदाज कर दिया। आरोपी के मुताबिक सुबह 4 बजे पार्टी खत्म होने के बाद लड़की ने उससे ड्रॉप मांगा। रास्ते में उसने खुद को एक शुगर बेबी बताया जिसे एक शुगर डैडी की तलाश थी और आरोपी से ऐसे लोगों से संपर्क कराने को कहा। आरोपी ने उसे राजाजीनगर की एक बेकरी के पास ड्रॉप कर दिया। आरोपी का आरोप है कि 18 फरवरी को लड़की ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर उस पर और एक अन्य व्यक्ति पर नशा देकर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। इसके तुरंत बाद उसे फोन आने लगे। कॉलर ने अकेले में मिलने और मामले को सेटल्ड करने के लिए पैसों की मांग की। साथ ही धमकी दी कि अगर पैसे नहीं दिए तो उनके पास एक बदनाम करने वाला टीवी प्रोमो तैयार है जिसे प्रसारित कर दिया जाएगा। दूसरी ओर तमिलनाडु की रहने वाली और बेंगलुरु में पिछले 5 महीने से रहकर फर्स्ट ईयर बीए की पढ़ाई कर रही इस छात्रा ने डिक्सन सांडो और निखिल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा की डिक्सन सांडो (21) से जनवरी में इंस्टाग्राम पर जान-पहचान हुई थी। 14 फरवरी की रात कॉलेज और डिनर के बाद डिक्सन ने उसे नॉर्थ बेंगलुरु के रेक्स विला में पार्टी के लिए बुलाया था। वह 15 फरवरी की तड़के अपने एक दोस्त के साथ वहां पहुंची। छात्रा का आरोप है कि पार्टी में डिक्सन ने उसे निखिल (35) से मिलवाया। दोनों ने उसे जबरन एक गुलाबी गोली खिलाई, जिससे उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। इसके बाद विला के एक कमरे में बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का दावा है कि बीच में उसे थोड़ी देर के लिए होश आया था। बाद में आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी कि वह यह बात किसी को न बताए और उसे एक मॉल के पास छोड़ दिया। डर के कारण उसने तुरंत पुलिस से संपर्क नहीं किया, लेकिन 17 फरवरी को अस्पताल में इलाज कराने और अपने भाई को जानकारी देने के बाद उसने शिकायत दर्ज कराई है। सिराज/ईएमएस 24फरवरी26