24-Feb-2026
...


मंदसौर (ईएमएस) रिपोर्टर जिले के गरोठ और शामगढ़ में सेन समाज ने मंगलवार को राजस्थान की एक घटना के विरोध में प्रदर्शन किया। समाज के सदस्यों ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपा, जिसमें आरोपियों को कठोरतम दंड देने की मांग की गई। यह विरोध प्रदर्शन बीकानेर जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ बलात्कार और हत्या के मामले को लेकर किया गया। यह घटना 21 फरवरी 2026 को राजस्थान के बीकानेर जिले के रणजीतपुरा (बज्जू क्षेत्र) गांव में हुई थी। आठवीं कक्षा की लगभग 13 वर्षीय एक छात्रा बोर्ड परीक्षा देने घर से निकली थी। थाना क्षेत्र से मात्र 500 मीटर दूर नहर के पास झाड़ियों में उसका अर्धनग्न शव मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अपहरण के बाद उसके साथ बलात्कार किया गया और चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना के विरोध में सेन समाज ने गरोठ में नायब तहसीलदार रघुनाथ मचार और शामगढ़ में नगर नायब तहसीलदार इंस्पहीन कराडी को ज्ञापन सौंपा। समाज के सदस्यों ने बाइक रैली निकाली और नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया। ज्ञापन में मांग की गई कि अपराधियों को ऐसी सजा मिले जो समाज में एक मिसाल कायम करे। रैली में सेन समाज के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें प्रदेश अध्यक्ष विजय भाटिया, जिला अध्यक्ष संजय चौहान, सतीश गुजराती, संदीप सिसोदिया, जितेंद्र गहलोत, दिलीप गुजराती, लक्ष्मी नारायण भाटिया, किशोर गुजराती, कैलाश सेन और भगवान सिंह सेन शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और एक आरोपी (पीड़िता का चचेरा भाई) को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना ने महिला सुरक्षा और नाबालिगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। राजस्थान विधानसभा में भी इस मुद्दे पर हंगामा हुआ और कांग्रेस ने वॉकआउट किया था। समाज के लोग अपराधियों को त्वरित और कठोर दंड दिए जाने की मांग कर रहे हैं। मुकेश मेहर गरोठ(ईएमएस)