राजगढ़(ईएमएस)l जिला मुख्यालय पर प्रति मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं का निराकरण किया जाता है। आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अर्पित गुप्ता, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान, अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी श्रीमती निधि भारद्वाज, डिप्टी कलेक्टर डॉ. ज्योति राजोरे सहित संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद थे। आयोजित जनसुनवाई में ग्राम झाड़माऊ निवासी कन्हैयालाल राठौर ने बताया कि आवेदक की पुरी फसल आकस्मिक प्रकोप के कारण नष्ट हो गई है। आवेदक की फसल खराब हो जाने पर सहायता राशि नहीं मिली। जिससे आवेदक को काफी परेशानी हो रही है। कलेक्टर द्वारा तहसीलदार जीरापुर को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। ग्राम झूमका निवासी करण सिंह ने बताया कि आवेदक की भूमि मोहनपुरा डूब क्षेत्र में चली गई है। आवेदक को उक्त डूब क्षेत्र की भूमि का मुआवजा राशि आज दिनांक नहीं मिली है। कलेक्टर द्वारा ईई मोहनपुरा को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। ग्राम भोजपुर निवासी रामलाल ने बताया कि आवेदक बहुत गरीब है। आवेदक को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिससे आवेदक को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कलेक्टर द्वारा सीईओ जनपद खिलचीपुर को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। ग्राम मुल्तानपुरा निवासी किशन पुष्पद ने बताया कि आवेदक को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कलेक्टर द्वारा तहसीलदार ब्यावरा को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर 70 आवेदन प्राप्त हुए।-निखिल/राजगढ़/24/2/2026