चार दिन बाद अचानक पति के घर पहुंची दुल्हन, अपने ही स्वजन पर लगाए आरोप खागा,(ईएमएस)। फतेहपुर नगर के एक गेस्ट हाउस में 18 फरवरी की रात जयमाला और चढ़ावा की रस्म पूरी होने के बाद वर-वधू पक्ष के बीच मारपीट हो गई। वधू पक्ष के साथ आए पालतू कुत्ते को पीटने पर यह विवाद हुआ, जिसमें वर-वधू पक्ष के पांच लोग घायल हुए। 19 फरवरी को कोतवाली में दिन भर दोनों पक्ष के बीच समझौते की कोशिश होती रही। शाम को वधू पक्ष के लोग रिश्ता तोड़कर दुल्हन को अपने साथ ले गए। खुद दुल्हन तनु केसरवानी ने भी पुलिस को बयान दिया था कि वह शादी नहीं करना चाहती। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार सुबह अचानक दुल्हन प्रयागराज से सीधे अपने पति सुमित केसरवानी के घर सराफा बाजार पहुंच गई। उसने बताया कि वह माता-पिता और स्वजन को बताए बिना ही घर से आ गई है। अपने पति को साथ लेकर वह कुछ देर रुकने के बाद कहीं बाहर निकल गई। युवती के कई वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह कह रही है कि अपनी बहन और स्वजन के दबाव में आकर उसने शादी नहीं करने का बयान दिया था। दुल्हन तनु ने वायरल वीडियो में बताया कि दोनों ने पहले ही आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली थी। दोनों परिवारों के दबाव पर वह मंडप में विवाह की रश्में निभा रहे थे। दुल्हन तनु ने कहा कि उसके स्वजन धमका रहे हैं, जेवरात ले जाने का फर्जी आरोप लगा रहे हैं। उसने अपने घर वालों से कहा कि उसको न खोजे न ही उसके पति व ससुराल वालों को परेशान करें। कोतवाली प्रभारी का कहना था यदि कोई शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। सिराज/ईएमएस 24फरवरी26