- कड़िया सांसी में गूंजा शिक्षा-सम्मान का नारा राजगढ़(ईएमएस)l गत दिवस जिले के बोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कड़िया सांसी में सांसी समाज शिक्षित एवं कर्मचारी संगठन के नेतृत्व में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में अपराध और अवैध गतिविधियों के त्याग पर चर्चा तथ शिक्षा और स्वरोजगार को अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसडीओपी नेहा गौर ने समाज के लोगों से अवैध धंधों को पूरी तरह बंद कर सम्मानजनक जीवन जीने की ओर कदम बढ़ाने की अपील की। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि जो परिवार अपराध छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होना चाहते हैं, उन्हें पुलिस हर संभव मदद प्रदान करेगी। शिविर में सांसी समाज के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याओं को भी प्रशासन के सामने रखा। संगठन के अध्यक्ष नंदकिशोर भानेरिया और पूर्व अध्यक्ष सचिन भानेरिया ने कहा कि समाज की लगभग 10 करोड़ रुपये की गोल्ड राशि बैंकों में जमा है। उन्होंने प्रशासन से इस राशि को आसान तरीके से निकलवाने में सहयोग की अपील की। कहा कि बैंक से मिलने वाली राशि का 10% हिस्सा जन कल्याण और गांव की सुरक्षा के लिए उपयोग किया जाएगा। इस राशि से गांव में सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे ताकि पारदर्शिता और सुरक्षा बनी रहे l - गांव के विकास के लिए दी सहयोग राशि कार्यक्रम के दौरान गांव के विकास और सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने मंच पर ही सहयोग राशि भेंट की जिसमें मुकेश कुमार धपानी 20,000, सरपंच मोहर सिंह भानेरिया ने 25,000 की नगद राशि का सहयोग दिया। वक्ताओं ने उपस्थित अभिभावकों को अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि जब समाज का युवा शिक्षित होगा और रोजगार से जुड़ेगा, तभी अपराध के साये से मुक्ति मिलेगी। प्रशासन सांसी समाज के युवाओं के लिए विशेष रोजगार शिविर आयोजित करे। -निखिल/राजगढ़/24/2/2026