ग्वालियर ( ईएमएस ) | शासकीय जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए सरकार की मंशा के अनुरूप जिला प्रशासन द्वारा विशेष मुहिम चलाई जा रही है। इस कड़ी में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर मंगलवार को एसडीएम झांसी रोड श्री अतुल सिंह के नेतृत्व में गई संयुक्त टीम ने शहर से सटे रमौआ ग्राम में स्थित बेशकीमती 25 हजार वर्ग फीट जमीन से मशीनों की मदद से बेजा कब्जे हटवाए। अतिक्रमण से मुक्त कराई गई इस सरकारी जमीन की कीमत लगभग 5 करोड़ रुपए आंकी गई है। एसडीएम झांसी रोड श्री अतुल सिंह ने बताया कि ग्राम रमौआ के अंतर्गत स्थित सर्वे क्रमांक-101 की 25 हजार वर्ग फीट सरकारी जमीन पर कॉस्मो इन्फ्राटेक के पार्टनर अरविंद अग्रवाल व जयदीप अग्रवाल द्वारा अवैध रूप से 40 फीट चौड़ी आरसीसी रोड बना ली गई थी। तहसीलदार सिटी सेंटर द्वारा इस सरकारी जमीन से बेजा कब्जा हटाने के लिये पूर्व में बेदखली आदेश जारी किया गया था। इस आदेश का पालन कराने के लिये मंगलवार को राजस्व, पुलिस व नगर निगम की संयुक्त टीम मौके पर पहुँची और मशीनों की मदद से अवैध निर्माण ध्वस्त कराए गए।