25-Feb-2026
...


- मेक्सिकन कार्टेल्स को हर साल करीब 19 से 29 अरब डॉलर का होता है लाभ मेक्सिको सिटी,(ईएमएस)। मोस्ट वांटेड ड्रग तस्कर नेमेसियो ओसेगेरा सर्वांतेस उर्फ ‘एल मेंचो’ के मारे जाने के बाद मेक्सिको का ड्रग नेटवर्क फिर चर्चा में है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मेक्सिको के अलग-अलग ड्रग कार्टेल्स को मिलाकर करीब 1,75,000 सक्रिय सदस्य इस नेटवर्क से जुड़े हैं। यह संख्या इसे देश के सबसे बड़े अनौपचारिक “नियोक्ताओं” में शामिल करती है। अनुमान है कि सीजेएनजी कुल नेटवर्क का करीब 18 फीसदी नियंत्रित करता है, जबकि सिनलोआ सेंटर से जुड़े गुट करीब 9 फीसदी हिस्सेदारी रखते हैं। ये कार्टेल अमेरिका पहुंचने वाली मेथामफेटामाइन, हेरोइन और फेंटेनिल की 70 से 90 फीसदी आपूर्ति को नियंत्रित करते हैं। रोजाना 400 से 650 करोड़ रुपये का खेल होता है। अवैध कारोबार का सटीक आंकड़ा निकालना मुश्किल है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों के मुताबिक अमेरिकी बाजार में ड्रग बिक्री से मेक्सिकन कार्टेल्स को हर साल करीब 19 से 29 अरब डॉलर का लाभ होता है। इसे दैनिक आधार पर देखें तो करीब 50 से 80 मिलियन डॉलर यानी करीब 400 से 650 करोड़ रुपए प्रतिदिन इस नेटवर्क के जरिए घूमते हैं। कुछ आकलनों में सालाना कमाई 13.6 अरब से 49.4 अरब डॉलर के बीच बताई गई है। अकेले सिंथेटिक ड्रग फेंटेनिल से ही कार्टेल्स को हर साल 700 मिलियन से 1 अरब डॉलर तक का लाभ होने का अनुमान है। मेक्सिको की भौगोलिक स्थिति इसे दक्षिण अमेरिकी उत्पादक देशों और अमेरिका जैसे बड़े उपभोक्ता बाजार के बीच एक “ट्रांजिट हब” बनाती है। यहां मारिजुआना और अफीम की खेती लंबे समय से हो रही है, जबकि कोकीन की खेप दक्षिण अमेरिका से यहां पहुंचकर अमेरिका और यूरोप भेजी जाती है। अमेरिका में ऊंची मांग ने इस सप्लाई चेन को और मजबूत किया है। कार्टेल अब ड्रोन, एन्क्रिप्टेड संचार और उन्नत तकनीक का इस्तेमाल कर रहे हैं। सिंथेटिक ड्रग्स, खासकर फेंटेनिल, कम लागत और ज्यादा मुनाफे के कारण तेजी से बढ़े हैं। पिछले दशक में इसकी खपत में करीब 600 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। ड्रग नेटवर्क केवल तस्करी तक सीमित नहीं, बल्कि वसूली, ईंधन चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से भी जुड़ा है। एल मेंचो की मौत के बाद भड़की हिंसा इस बात का संकेत है कि यह तंत्र कितना गहरा और संगठित है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक मांग और सामाजिक-आर्थिक कारक बने रहेंगे, यह अवैध कारोबार पूरी तरह खत्म होना मुश्किल है। सिराज/ईएमएस 25 फरवरी 2026