बिलासपुर (ईएमएस)। जमीन बिक्री के बाद बची रकम मांगना एक ई-रिक्शा चालक को भारी पड़ गया। आरोपी ने अपने साले और अन्य साथियों के साथ मिलकर पीड़ित के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार धरम रत्नाकर, निवासी उच्च भ_ी सीपत, पेशे से ई-रिक्शा चालक है। उसने अपनी जमीन ग्राम बिटकुली में 8 मई 2025 को तिफरा निवासी अर्जुन गढ़ेवाल को 33 लाख 50 हजार रुपये में बेची थी। सौदे के बाद 1 लाख 95 हजार रुपये की राशि बकाया रह गई थी, जिसे मांगने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। पीडि़त के अनुसार 24 फरवरी दोपहर करीब 1 बजे अर्जुन गढ़ेवाल ने बकाया रकम देने के बहाने उन्हें औद्योगिक क्षेत्र तिफरा बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपी ने पैसे देने से इनकार करते हुए गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद अर्जुन गढ़ेवाल, उसके साले और अन्य लोगों ने मिलकर धरम रत्नाकर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मारपीट के दौरान पीड़ित की पत्नी संतोषी रत्नाकर बीच-बचाव करने पहुंचीं, जिनके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। घटना की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है। मनोज राज 25 फरवरी 2026