राष्ट्रीय
25-Feb-2026


-आरोपी की पहचान आदियां गांव के रणजीत सिंह के रूप में हुई चण्डीगढ़,(ईएमएस)। गुरदासपुर में 22 फरवरी को पाकिस्तान सीमा से सटी आदियां पुलिस चौकी में एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार की हत्या के एक आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मारा गया। आरोपी की पहचान आदियां गांव के रणजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में एक अन्य आरोपी दिलावर सिंह निवासी अलीनंगल गांव को भी गिरफ्तार किया था जिससे पूछताछ में आरोपी रणजीत सिंह का पता चला। अब पुलिस ने उसे मार गिराया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इससे पहले बुधवार सुबह आरोपी को पकड़ने गई पुलिस और आरोपी के बीच पुराना शाला इलाके में मुठभेड़ हो गई। उसने पुलिस पर फायरिंग भी की। फायरिंग में सीआईए स्टाफ के इंचार्ज गुरमीत सिंह को भी गोली लगी जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पुलिस की गोली लगने के बाद रणजीत को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ में दोरांगला के एसएचओ की गाड़ी भी पलट गई। हालांकि पुलिसकर्मियों की हत्या की वजह अब तक साफ नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस तीसरे आरोपी आदियां गांव के इंद्रजीत सिंह की तलाश कर रही है। इस बीच सीएम से सटी पुलिस चौकी में पुलिसकर्मियों की हत्या को लेकर बीएसएफ अलर्ट है। बीएसएफ ने भी इस मामले की अलग से जांच शुरू कर दी है। बीएसएफ के डीआईजी ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया है। वहीं, पंजाब सरकार ने एएसआई गुरनाम सिंह और हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। बता दें गुरदासपुर के आदियां पुलिस चौकी में 22 फरवरी को होमगार्ड के जवान अशोक कुमार और पंजाब पुलिस के एएसआई गुरनाम सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आदियां पुलिस चौकी भारत-पाकिस्तान इंटरनेशनल बॉर्डर से महज डेढ़ किलोमीटर दूर है। पुलिस की शुरुआती जांच के बाद वहां से 4 खोल मिले थे। दो पुलिस जवानों की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान नाम के आतंकी संगठन ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। हालांकि इसकी स्वतन्त्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल इस दावे को संदिग्ध मान रही हैं। सिराज/ईएमएस 25फरवरी26