राष्ट्रीय
25-Feb-2026


-नए विधायकों को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व की मांग का डिप्टी सीएम ने किया समर्थन बेंगलुरु,(ईएमएस)। कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने मंत्रिमंडल में नए खून को शामिल करने का समर्थन करते हुए कहा है कि पुरानी पीढ़ी हमेशा नहीं रह सकती और पार्टी के भविष्य के लिए नई सोच जरूरी है। शिवकुमार ने मंगलवार को पहली बार विधायक बने नेताओं की मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पार्टी को नए खून और नई सोच की जरूरत है। मैं नए खून का समर्थन करता हूं। पहली बार निर्वाचित हुए विधायकों द्वारा संभावित मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत वरिष्ठ नेताओं को लिखे गए पत्र के संदर्भ में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए शिवकुमार ने यह बात कही। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस आलाकमान और सीएम सिद्धरमैया और डिप्टी सीएम शिवकुमार समेत प्रदेश नेतृत्व को एक संयुक्त ज्ञापन में विधायकों ने आग्रह किया है कि कम से कम पांच नवनिर्वाचित विधायकों को मंत्री पद दिया जाए। विधायकों ने अपने पत्र में कहा कि जैसा कि आप जानते हैं, कर्नाटक की जनता ने पहली बार कांग्रेस पार्टी से विधानसभा के लिए 38 सदस्यों को चुना है और इस तरह एक स्पष्ट संदेश दिया है कि वे विधानसभा में नए युवा चेहरों को देखना चाहते हैं। दलित सीएम होने संबंधी मुद्दे पर अपने मंत्रिमंडल सहयोगी एच सी महादेवप्पा की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवकुमार ने कहा कि उन्हें राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मैंने महादेवप्पा का बयान सुना। वह हमारे आलाकमान हैं और शायद उन्हें इस बारे में कुछ जानकारी हो। मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि क्या पार्टी आलाकमान ने उन्हें और सीएम सिद्धरमैया को दिल्ली बुलाया है, तो उन्होंने साफ किया कि मुझे कोई फोन नहीं आया। मुझे अपने विभाग से संबंधित कुछ काम के लिए दिल्ली जाना है। मंत्रियों के बयानों पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपनी चुप्पी की आलोचना पर शिवकुमार ने कहा, मंत्रियों और विधायकों को नियंत्रित करना सीएम का काम है। मैं तो पार्टी को इसकी जानकारी देने का काम कर रहा हूं। सिराज/ईएमएस 25फरवरी26