- जनता क्वार्टर क्षेत्र को मिली संजीवनी क्लीनिक और संस्कार भवन की सौगात; लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश इंदौर (ईएमएस)। संकल्प से समाधान अभियान के तहत नगर निगम की विकास यात्रा अब सीधे नागरिकों के द्वार तक पहुँच रही है। इसी कड़ी में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने विधानसभा क्षेत्र 2 के वार्ड क्रमांक 25 स्थित जनता क्वार्टर क्षेत्र में जनता चौपाल लगाकर नागरिकों से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण महापौर का स्कूटर से किया गया क्षेत्रीय निरीक्षण रहा, जिसके माध्यम से उन्होंने विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। चौपाल की शुरुआत क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात के साथ हुई। महापौर ने यहाँ नवनिर्मित संजीवनी क्लीनिक एवं संस्कार भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय महिलाओं ने नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे योगशाला एवं योग मित्र अभियान के लिए महापौर का आत्मीय आभार व्यक्त किया। महापौर ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक नागरिक को घर के समीप सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। - शिकायतों पर सख्त तेवर, अधिकारियों को अल्टीमेटम चौपाल के दौरान वार्ड वासियों ने राशन वितरण में अनियमितता, बैकलाइन सफाई में ढिलाई, कम प्रेशर से गंदे पानी की आपूर्ति और मुख्य मार्गों पर बढ़ते अतिक्रमण जैसी गंभीर समस्याएं उठाईं। नागरिकों ने जर्जर हो चुकी जल टंकी को हटाने और पेड़ों की छंटाई की मांग भी प्रमुखता से रखी। इन शिकायतों पर कड़ा रुख अपनाते हुए महापौर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही समयबद्ध निराकरण और नियमित मॉनिटरिंग के सख्त निर्देश दिए। यातायात प्रबंधन को लेकर व्यापारिक संगठनों ने भी सकारात्मक पहल की। व्यापारियों ने महापौर को आश्वस्त किया कि वे फुटपाथ पर व्यापार न कर यातायात व्यवस्था में सहयोग करेंगे। महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी त्वरित शिकायतों के लिए व्हाट्सएप नंबर 7440311311 का उपयोग करें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, निगम अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। प्रकाश/25 फरवरी 2026