देहरादून (ईएमएस)। चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व पूर्व मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने आरोप लगाते हुए कहा है कि अग्निवीर योजना देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। यहां कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इसलिए एक साजिश के तहत केंद्र सरकार सरकारी खर्चे पर यह ट्रेनिंग दे रही है। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना नौजवान युवाओं के साथ धोखा ही नहीं बल्कि भविष्य के साथ खिलवाड़ भी है। रावत ने कहा है कि कांग्रेस के पूर्व सैनिक विभाग ने लोगों व युवाओं को जगाने का जो काम किया है वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि नौजवानों व देश की सुरक्षा के लिए इस अभियान को और तेजी के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है। इस अवसर पर प्रारंभिक शिक्षा निदेशक के साथ मारपीट के प्रकरण में उन्होंने कहा कि कानून किसी को भी अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक को तत्काल प्रभाव से गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो उत्तराखंड में जो भी विकास दिखाई दे रहा है वह तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी के समय का ही है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर मेडिकल काॅलेज, हल्द्वानी मेडिकल काॅलेज, महाविद्यालय, सिडकुल आदि, लेकिन आज धरातल पर विकास नहीं दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि जिन विधायकों को गैरसैंण में ठंड लगती है उनका यह बनाया गैर जिम्मेदारना है। उन्होंने कहा कि क्या गैरसैंण में लोग नहीं रहते है। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सैनिक विभाग के अध्यक्ष सेनि कर्नल राम रतन नेगी ने कहा है कि केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना का पुरजोर तरीके से विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं के साथ धोखा है, केंद्र सरकार को तत्काल इसे वापस लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सैन्य बाहुल उत्तराखंड में अग्निवीर योजना को केंद्र सरकार तत्काल प्रभाव से समाप्त किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को इस योजना से किसी भी प्रकार का कोई लाभ होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि इस योजना में पहले छह माह तक ट्रेनिंग दी जाएगी और फिर सेना में अपनी डयूटी करेंगे। नेगी ने कहा है कि चार साल बाद जब वह अग्निवीर सैनिक अपने घर आएगा तो फिर से वह बेरोजगार हो जाएगा और कहीं भी नौकरी नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना के विरोध में राज्यव्यापी हस्ताक्षर एवं जन जागरण अभियान का तीसरा चरण संपन्न हो गया है। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/25 फरवरी 2026