कांग्रेसियों ने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित किया ज्ञापन देहरादून (ईएमएस)। भाजपा विधायक उमेश काऊ को तत्काल गिरफ्तार किए जाने की मांग को लेकर महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। यहां देहरादून स्थित शिक्षा निदेशालय परिसर में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर हुए हमले की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए महानगर कांग्रेस कमेटी, देहरादून के अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि यह घटना अत्यंत निंदनीय, दुर्भाग्यपूर्ण एवं लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है। डॉ. गोगी ने अपने बयान में कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि या राजनीतिक व्यक्ति द्वारा कानून को हाथ में लेना न केवल असंवैधानिक है, बल्कि यह प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र में असहमति व्यक्त करने के संवैधानिक एवं वैधानिक तरीके उपलब्ध हैं, किंतु हिंसा और मारपीट किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकरण में किसी भी स्तर पर जनप्रतिनिधि की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके विरुद्ध कठोर एवं निष्पक्ष कानूनी कार्यवाही की जानी चाहिए। विशेष रूप से उन्होंने कहा कि यदि विधायक की भूमिका इस घटना में प्रमाणित होती है, तो उनकी तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट संदेश जाए कि कानून सबके लिए समान है। डॉ. गोगी ने प्रदेश सरकार से मांग की कि प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। दोषियों को अविलंब गिरफ्तार कर कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाए। भविष्य में ऐसे घटनाक्रम की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है और कांग्रेस पार्टी इस प्रकार की अराजकता के खिलाफ सदैव मुखर रहेगी। महानगर कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर त्वरित कार्रवाई नहीं की गई, तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।इस अवसर पर मुख्य रूप से सुष्यंत वोहरा, अभिषेक तिवारी, ट्विंकल अरोड़ा, किशन कुमार, मुकेश सोनकर विनीत भट्ट,जमाल अहमद, सरिता बिष्ट, प्रतिभा शर्मा, अमनदीप सिंह,विपुल नौटियाल शामिल रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/25 फरवरी 2026