राज्य
25-Feb-2026


प्रारंभिक शिक्षा निदेशक से मारपीट का प्रकरण देहरादून (ईएमएस)। प्रारंभिक शिक्षा निदेशक से मारपीट के प्रकरण में रायपुर विधायक उमेश शर्मा काऊ ने प्रेस कांफ्रेंस कर आखिरकार माफी मांग ली है। उन्होंने कहा कि वह इस प्रकरण को खत्म करने आए है ताकि छात्रों का भविष्य खराब न हो। यहां भाजपा महानगर कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि कहा छात्रों के भविष्य को देखते हुए माफी मांगने आगे आए है और उन्होंने कहा कि बीती 21 फरवरी को हुई घटना से मुझे बेहद अफसोस है। उन्होंने जोर देकर कहा कि शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल मेरे छोटे भाई की तरह है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अधिकारी शिक्षक संघ, मोर्चा का आभारी जिन्हें इस घटना का राजनीतिकरण नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि रायपुर विकासखंड के अस्थल क्षेत्र में डेढ़ बीघा जमीन दान करने वाले परिवार के साथ विद्यालय का नामकरण संबंधी दानदाता स्व. पदम सिंह रावत के नाम पर करने की मांग को लेकर शिक्षा निदेशालय गया था। उन्होंने कहा कि इस दौरान उनके साथ संबंधित परिवार के लोेग भी थे चूंकि यह प्रकरण काफी लंबे समय से लंबित था तो बातचीत के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया। उन्होंने कहा कि जन प्रतिनिधि के नाते विवाद शांत कराने का भरसक प्रयास किया इस बीच जाने अनजाने में यह घटना हो गई जिस पर मैं खेद व्यक्त करता हूं। इस अवसर पर अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/25 फरवरी 2026