देहरादून (ईएमएस)। धौलास हरियावाला में ट्रस्ट की भूमि को 143 में बदलने में संलिप्त विकासनगर के एसडीएम को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच किया। यहां देवभूमि रक्षा मंच सहित अन्य हिंदूवादी संगठनों ने रैली निकालकर मुख्यमंत्री आवास कूच किया तो पुलिस ने सभी को रोक लिया। पुलिस के रोकने पर प्रदर्शनकारियों व पुलिस के बीच तीखी नोंकझोंक, धक्का मुक्की हुई और काफी देर तक हंगामा होता रहा। बाद में सभी वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रदर्शनकारी विकास वर्मा ने कहा कि जब पूर्ववर्ती सरकार ने ट्रस्ट को भूमि दी गई थी। उन्होंने कहा कि उसके बाद धौलास हरियावाला की भूमि को सरकार में भी निहित किया गया था और बाद में पता चला की इस भूमि का लैंडयूज चेंज कर दिया गया है और 143 करने के बाद यह भूमि बेच दी गई है। उन्होंने कहा कि इस कार्य में एसडीएम की भूमिका संदिग्ध दिखाई दे रही है और ऐसे एसडीएम को तत्काल निलंबित नहीं किया गया तो आंदोलन को तेज किया जाएगा। इस अवसर पर अनेक संगठनों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/25 फरवरी 2026