छिंदवाड़ा (ईएमएस)। कमलनाथ के केंद्र में मंत्री रहते और प्रदेश मेंउनके शासन के दौरान छिंदवाड़ा के लिए अलग से बजट हुआ करता था। लेकिन वर्तमान में केन्द्र व राज्य के बजट में छिन्दवाड़ा का कहीं कोई उल्लेख नहीं है। भाजपा बजट पर खूब ढोल पीट रही है। वास्तविकता ये है कि बजट मे महंगाई और बेरोजगारी से राहत दिलाने सरकार के पास कोई योजना नहीं। शहर के उत्तर उप ब्लॉक क्षेत्र की आयोजित बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे और अन्य पदाधिकारियेां ने ये बात कही। ओकटे ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार के बजट में, युवा, महिला, किसान, व्यापारी व मजदूर सभी वर्गों की अनदेखी हुई है। महंगाई और बेरोजगारी से राहत दिलाने को लेकर कोई विशेष व ठोस योजनाएं नहीं है। यह बात लोगों तक पहुंचाने के लिए जल्द ही कांग्रेस के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण शहर के वार्डों में निकलेंगे। जमीनी स्तर पर युवाओं के हाथ खाली, मध्यम वर्ग की महंगाई से जेब खाली और गरीबों की थाली खाली वाली स्थिति बन चुकी है। पांढुर्ना जिला प्रभारीगंगाप्रसाद तिवारी ने उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि भाजपा बजट में इस योजना पर इतनी राशि का प्रावधान उस योजना पर इतनी राशि का प्रावधान बताया जा रहा है। छिंदवाड़ा के विकास के लिए कितना रुपया मिला यह भाजपा नेता नहीं बता रहे। सरकार के प्रत्येक झूठी घोषणाओं और वादों की पोल जनता के बीच खोलना है। विधानसभा प्रभारी गोविंद राय ने शहर की जनता से वसूले जा रहे ज्यादा टैक्स की बात कही। बैठक में नेता प्रतिपक्ष हंसा अम्बर दाढेे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष पप्पू यादव,दीपा यादव, सरला सिसोदिया सहित नौ वार्डों के पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद रहे। ईएमएस/ मोहने/ 25 फरवरी 2026