- हिमाचल पुलिस कांग्रेस नेताओं के निर्देशों पर काम कर रही है, जिससे कानून व्यवस्था कमजोर हो रही है मंडी (ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल पुलिस के उन अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई, जिन्होंने आरोपियों को पकड़ने आई दिल्ली पुलिस की टीम को डिटेन किया। मंडी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और प्रदेश के इतिहास में अनदेखी घटना करार दिया। उनका कहना था कि हिमाचल पुलिस केवल कांग्रेस नेताओं के निर्देशों पर काम कर रही है, जिससे कानून व्यवस्था कमजोर हो रही है। घटना 19 फरवरी को हुई, जब दिल्ली के भारत मंडपम में एआई शिखर सम्मेलन में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अर्धनग्न प्रदर्शन किया। इस मामले में तीन आरोपी हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू, शिमला के चिड़गांव स्थित रिजॉर्ट में छिपे हुए थे। जब दिल्ली पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंची, तो शिमला पुलिस ने सोलन में आरोपियों और दिल्ली पुलिस की टीम को डिटेन कर लिया। इससे दोनों राज्यों की पुलिस के बीच विवाद पैदा हो गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि आम तौर पर दो राज्यों की पुलिस जब ऐसे ऑपरेशन करती है तो सहयोग सुनिश्चित होता है। लेकिन इस बार हिमाचल पुलिस ने केवल राजनीतिक आदेशों पर काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों को विधायक की गाड़ी के माध्यम से हिमाचल लाकर सरकारी पनाह में रखा गया। पूर्व सीएम ने प्रदेश सरकार से मांग की कि जो पुलिस अधिकारी केवल राजनीतिक आदेशों पर काम करते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने इसे कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता और हिमाचल पुलिस के इतिहास में अनदेखा मामला बताया। सतीश मोरे/26फरवरी ---