राष्ट्रीय
26-Feb-2026


-शंकर और बेटी की गई जान, पत्नी की हालत गंभीर, कर्ज से तनाव में था शहडोल,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक शख्स को ऑनलाइन गेम की लत लग गई। इस लत के चलते वह लाखों रुपए हार गया। ऊपर से लाखों रुपये का कर्जदार भी हो गया। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई। आर्थिक तंगी और कर्ज के बढ़ते दबाव के चलते वह मानसिक रूप से परेशान हो गया जिसके बाद उसने खौफनाक कदम उठाया। उसने पत्नी और बेटी को जहर मिली कोल्डड्रिंक पिला दी और खुद भी जहर खा लिया। पिता और बेटी की तो मौत हो गई है लेकिन पत्नी की हालत गंभीर है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक मामला शहडोल कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतकों में शंकर गुप्ता (40) और बेटी स्वाति गुप्ता (16) हैं। जानकारी के मुताबिक पुरानी बस्ती में सत्यम वीडियो के पास रहने वाले शंकर को ऑनलाइन गेम खेलने की लत लग गई थी। बताया जा रहा है कि वह इस गेम में बड़ी रकम हार गया। हार लगातार बढ़ती जा रही थी। इस वजह से उसपर कर्ज भी हो गया था। लाखों रुपये गंवाने के बाद और कर्ज के दबाव के चलते शंकर मानसिक रूप से तनाव में रहने लगा। इस तनाव से मुक्ति पाने के लिए शंकर ने मंगलवार रात आत्मघाती कदम उठाया। उसने पत्नी राजकुमारी गुप्ता और बेटी स्वाति को कोल्डड्रिंक में जहर मिलाकर पिला दिया। इसके बाद उसने खुद भी जहर पी लिया। कुछ ही देर में तीनों की हालत खराब होने लगी। उनके चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई देते ही पड़ोसी आा गए उन्होंने फौरन तीनों को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान स्वाति की मौत हो गई। वहीं बुधवार शाम इलाज के दौरान शंकर ने भी दम तोड़ दिया। पत्नी राजकुमारी का इलाज जारी है। उसकी हालत भी नाजुक बताई जा रही है। घटना के समय उनका बेटा घर पर मौजूद नहीं था, जिस वजह से वह बच गया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक उप-निरीक्षक ने इस बारे में कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में शंकर गुप्ता के ऑनलाइन गेम में भारी आर्थिक नुकसान की बात सामने आई है। वह ऑनलाइन गेम में काफी पैसे हार गया था। उसपर कर्ज भी हो गया था। इसी वजह से उसने ऐसा कदम उठाया। सिराज/ईएमएस 26फरवरी26