- छाल थाना क्षेत्र के करीब 25-30 लोग पिकअप से गोसाईपोड़ी सगाई कार्यक्रम में गए थे रायगढ़ (ईएमएस)। रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र अंतर्गत मड़वाताल घाट पर बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में पिकअप में सवार 25 से अधिक लोग घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार छाल थाना क्षेत्र के बंगुररसुता गांव से राठिया समाज के करीब 25-30 लोग पिकअप में सवार होकर कापू थाना क्षेत्र के गोसाईपोड़ी सगाई कार्यक्रम में गए थे। सगाई खत्म होने के बाद सभी बंगुररसुता लौट रहे थे। इसी दौरान मड़वाताल घाट पर वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गया। हादसे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को एंबुलेंस से कापू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। तीन गंभीर रूप से घायल लोगों को रायगढ़ रेफर किया गया, जबकि अन्य का इलाज कापू और धरमजयगढ़ अस्पताल में जारी है। घायलों में कई लोगों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें हैं। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस चालक की तलाश और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। घायलों का कहना है कि वाहन के ब्रेक फेल होने के कारण यह दुर्घटना हुई। सतीश मोरे/26फरवरी ---