कांकेर (ईएमएस)। कांकेर जिले से नक्सल मोर्चे पर बड़ी खबर सामने आई है। जिले के छिंदपदर गांव में सक्रिय माओवादी डिविजनल कमेटी मेंबर मासे बारसा ने एके-47 रायफल के साथ पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2003 से दण्डकारण्य, अबूझमाड़ और उत्तर बस्तर क्षेत्र में सक्रिय रही मासे बारसा ने संगठन की हिंसक विचारधारा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। मासे बारसा जंगल क्षेत्र से निकलकर सीधे कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल रखेचा के कार्यालय पहुंचीं और औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण किया। बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी और एसपी निखिल रखेचा ने संयुक्त रूप से अन्य सक्रिय माओवादियों से भी हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा से जुड़ने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि राज्य सरकार की पुनर्वास नीति के तहत आत्मसमर्पण करने वाले माओवादियों को नियमानुसार आर्थिक सहायता, सुरक्षा और पुनर्वास के अवसर प्रदान किए जाएंगे।