26-Feb-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले के पाली ब्लॉक के ग्राम पंचायत बारी उमराव में स्थित प्राथमिक एवं मिडिल स्कूल में पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। जानकारी के अनुसार यहां पानी की आपूर्ति सोलर पैनल संचालित मोटर पंप के माध्यम से की जा रही थी, जो लगभग पिछले एक महीने से खराब पड़ा है। इसके चलते विद्यालय प्रबंधन को दैनिक जरूरतों के लिए पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों ने बताया कि मोटर पंप बंद होने से विद्यार्थियों और कर्मचारियो के लिए पेयजल उपलब्ध कराना चुनौती बन गया है। पानी की कमी के कारण शौचालय उपयोग और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। इस संबंध में शिक्षकों द्वारा कई बार संबंधित विभाग और ग्राम पंचायत को लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। जानकारी के अनुसार करीब चार वर्ष पूर्व क्रेडा के माध्यम से विद्यालय परिसर में सोलर पैनल और मोटर पंप की स्थापना की गई थी, जिससे जलापूर्ति सुचारु रूप से हो रही थी। ग्राम पंचायत बारी उमराव के सरपंच जयपाल सिंह ने बताया कि मोटर पंप में तकनीकी खराबी आने के बाद से पानी की आपूर्ति बंद है। सुधार के लिए मैकेनिक को बुलाया गया था, लेकिन वह पंप को निकाल नहीं सका। उन्होंने यह भी बताया कि सोलर पैनल संचालित मोटर पंप के मरम्मत का खर्च अपेक्षाकृत अधिक है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से शीघ्र मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने मांग की है। 26 फरवरी / मित्तल