क्षेत्रीय
27-Feb-2026
...


महोबा(इएमएस)।उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिला प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर ने शुक्रवार को महोबा जनपद के सर्वांगीण विकास को गति देते हुए करोड़ों रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के विजन को धरातल पर उतारते हुए उन्होंने जिले की चारों नगर निकायों महोबा, चरखारी, कबरई और कुलपहाड़) के लिए अहम परियोजनाओं की सौगात दी। कहा की इन कार्यों से न केवल शहरी बुनियादी ढांचे में सुधार होगा, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का भी सुंदरीकरण सुनिश्चित होगा। इन सभी विकास कार्यों को मुख्य रूप से ‘वंदन योजना’, ‘मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना (सी0एम0-वी0एन0वाई0)’, ‘पं0 दीनदयाल नगर विकास योजना’ और ‘स्वच्छ भारत मिशन-नगरीय’ के तहत स्वीकृत किया गया है. प्रभारी मंत्री ने नगर पालिका परिषद, महोबा की ओर से धार्मिक स्थलों के विकास हेतु ‘वंदन योजना’ के अंतर्गत माँ चन्द्रिका देवी मन्दिर परिसर और बौद्ध मठ के पास नवनिर्मित हॉल का लोकार्पण किया गया। वहीं ट्यूब वेल से बौद्ध मठ तक और कारकदेव मन्दिर से बौद्ध मठ तक इंटरलॉकिंग रोड का निर्माण एवं खनिज न्यास निधि एवं वंदन योजना के तहत शहर के विभिन्न वार्डों में लगभग 1.75 करोड़ रुपये की लागत के सी.सी. रोड और नाली निर्माण कार्यों को जनता को समर्पित किया गया. इसके साथ ही नगर पालिका परिषद, चरखारी द्वारा सुगम आवागमन हेतु ‘पं0 दीनदयाल नगर विकास योजना’ के तहत वार्ड रूपनगर और कजियाना में लगभग 1.17 करोड़ रुपये की लागत से तीन प्रमुख सी.सी. रोड का निर्माण कार्य पूर्ण कर जनता को सौंपा गया। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका परिसर में नवनिर्मित सार्वजनिक शौचालय का लोकार्पण किया गया। नगर पंचायत, कबरई द्वारा ‘मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना’ के तहत 88 लाख रुपये की लागत से नगर में आधुनिक पुस्तकालय और अम्बेडकर नगर वार्ड में चिल्ड्रेन पार्क, इंटरलॉकिंग एवं नाली के निर्माण का लोकार्पण किया गया। साथ ही 1.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन रानी लक्ष्मीबाई पार्क के पास योगशाला और एक बहुउद्देश्यीय स्थल (कम्युनिटी सेन्टर) का शिलान्यास किया गया एवं ‘वंदन योजना’ के तहत 1.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पांच पहाड़ी मंदिर, बूढ़े हनुमान मंदिर और राम जानकी मंदिर में शेड व सी0सी0 रोड निर्माण का भी शिलान्यास हुआ.नगर पंचायत, कुलपहाड़ द्वारा ‘वंदन योजना’ के तहत माँ बाघराजन मन्दिर के विकास पर विशेष जोर दिया गया है। जिसमें 1.18 करोड़ की लागत से मंदिर के परिक्रमा मार्ग, सी.सी. रोड और शेड के नीचे इंटरलॉकिंग का कार्य पूर्ण कर श्रद्धालुओं को समर्पित किया गया। वहीं लगभग 1.36 करोड़ रुपये की लागत से तहसील के सामने निकाय भूमि पर ‘दुकानों का निर्माण’ और एक ‘आधुनिक पुस्तकालय’ के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई. लोकार्पण कार्यक्रम मे प्रभारी मंत्री राकेश कुमार राठौर ने कहा कि प्रदेश सरकार महोबा जिले के चहुंमुखी विकास के लिए कृतसंकल्पित है। ‘वंदन योजना’ के माध्यम से जहां हम अपने प्राचीन आस्था केन्द्रों का सुंदरीकरण कर रहे हैं, वहीं पुस्तकालयों, पार्कों और पक्की सड़कों के निर्माण से आम जनमानस के जीवन स्तर को ऊंचा उठा रहे हैं। यह सभी परियोजनाएं महोबा जिले को एक स्वच्छ, सुंदर और विकसित जिला बनाने में मील का पत्थर साबित होंगी।इस मौके पर सदर विधायक पं0 राकेश गोस्वामी, सभी निकायों के चेयरमेन व अधिशाषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित बीजेपी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। हरी कृष्ण पोद्दार