- कम वसूली पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश शिवपुरी ( ईएमएस ) | कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी की अध्यक्षता में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के शाखा प्रबंधकों, समिति प्रबंधकों एवं सहायक समिति प्रबंधकों की मासिक समीक्षा बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में कालातीत ऋणों की शाखावार एवं संस्थावार समीक्षा की गई। कम वसूली वाली शाखाओं पर कलेक्टर श्री चौधरी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए करैरा शाखा के प्रबंधक राजीव कुमार चौहान एवं खतौरा शाखा के प्रबंधक राकेश धाकड़ को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा 15 दिवस में वसूली में सुधार न होने की स्थिति में विभागीय/दण्डात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया कि जिन संस्थाओं की वसूली 20 प्रतिशत से कम है, उन्हें नोटिस जारी किया जाए। 10 प्रतिशत से कम वसूली वाली संस्थाओं को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जाए तथा 5 प्रतिशत से कम वसूली वाली संस्थाओं के प्रबंधकों को सेवा से पृथक करने की कार्यवाही की जाए। 20 मार्च तक 50 प्रतिशत वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य प्राप्त न करने पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। संस्था प्रबंधकों को भी चेतावनी दी गई कि जिनकी वसूली 10 प्रतिशत से कम पाई गई है, उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस एवं दण्डात्मक कार्यवाही की जाएगी। सभी शाखाओं को 20 मार्च तक 50 प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रत्येक शाखा प्रबंधक को 1 करोड़ रुपये ऋण वितरण का लक्ष्य प्रदान किया गया। साथ ही कुल 30 करोड़ रुपये वसूली तथा प्रति शाखा 1 करोड़ रुपये अमानत संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया। बैराड़ शाखा अंतर्गत संस्थाओं को शासन की योजना के अनुसार किसानों को घर-घर तक खाद पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया। जिन समितियों में फर्जी ऋण या गबन की शिकायत प्राप्त होगी, उनकी जांच कर संबंधित संस्था प्रबंधक/सहायक संस्था प्रबंधक के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही एवं एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। सभी शाखा प्रबंधकों को कृषकों को वितरित ऋण की प्रविष्टि भू-अभिलेख पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही राजस्व अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर बड़े बकायादार कृषकों से ऋण वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी बैठक में दिए गए। बैठक में बताया गया कि बैंक को रासायनिक खाद शत-प्रतिशत एफओआर माध्यम से प्राप्त होने से परिवहन, लोडिंग एवं अनलोडिंग व्यय में 1.49 करोड़ रुपये की बचत हुई है। इस उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रमुख सचिव द्वारा जिला कलेक्टर को प्रशंसा पत्र भी प्रदान किया गया है। वर्ष 2026-27 में शासन की योजना अंतर्गत शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर 31,606 कृषकों को 66.06 करोड़ रुपये का ऋण वितरण किया गया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नाबार्ड, भोपाल द्वारा राज्य स्तरीय ऋण संगोष्ठी में शिवपुरी जिले को सम्मान प्राप्त हुआ है। दिनांक 01 अप्रैल 2025 से अब तक बैंक द्वारा अमानतदारों को जमा राशि, सम्मान निधि, उपार्जन, भावांतर एवं पेंशन मद सहित कुल 39.33 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। भारत सरकार की योजना अंतर्गत पैक्स कम्प्यूटरीकरण के तहत जिले की समस्त 86 पैक्स को ई-पैक्स घोषित कर डे-एंड किया गया है। इससे खाद एवं ऋण वितरण की ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध होगी तथा कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। कलेक्टर श्री चौधरी ने निर्देश दिए कि जिन समितियों की वसूली 50 प्रतिशत से अधिक होगी अथवा उत्कृष्ट कार्य करेंगी, उन्हें 31 मार्च की समीक्षा के आधार पर पुरस्कृत किया जाएगा।