- सैकड़ों लोग एसपी कार्यालय पहुंचे जबलपुर, (ईएमएस)। जबलपुर जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका पूजा साहू की मौत को लेकर मायके पक्ष और साहू समाज ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। मामले ने तूल पकड़ लिया है और न्याय की मांग को लेकर समाज के सैकड़ों लोग पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए। परिजनों का आरोप है कि पूजा को दहेज की वेदी पर चढ़ा दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूजा साहू का विवाह कुछ समय पूर्व निखिल साहू के साथ हुआ था। हाल ही में वह अपने पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के साथ धार्मिक यात्रा पर उज्जैन गई थी। इसी दौरान मायके पक्ष को फोन पर सूचना दी गई कि पूजा की तबीयत अचानक खराब हो गई है। बताया गया कि ससुराल पक्ष उसे उपचार के लिए जबलपुर लेकर आ रहा है, लेकिन तेंदूखेड़ा के पास पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। अचानक हुई इस मौत ने परिजनों के मन में संदेह पैदा कर दिया है। साहू समाज ने किया प्रदर्शन……… घटना के बाद साहू समाज में आक्रोश व्याप्त है। बड़ी संख्या में समाज के लोग और मृतका के रिश्तेदार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि यह सुनियोजित हत्या है, जिसे बीमारी का रूप देने की कोशिश की जा रही है। निष्पक्ष जांच का आश्वासन ………. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी। यदि जांच में दहेज प्रताड़ना या हत्या के तथ्य सामने आते हैं तो संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुनील साहू / शहबाज / 27 फरवरी 2026