क्षेत्रीय
27-Feb-2026
...


मुरैना ( ईएमएस ) | प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मुरैना में शुक्रवार को “विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी ने कहा कि जीवन में जितना बड़ा संघर्ष होगा, उतनी बड़ी जीत होगी। उन्होंने स्वामी विवेकानंद जी के वाक्य का उदाहरण देकर बताया कि भारत के युवाओं में वह शक्ति है, जो देश एवं विश्व को दशा एवं दिशा बदलने में योगदान दे सकती है। महाविद्यालय के ऊर्जावान प्राचार्य डॉ. ऋषि पाल सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थी संसद की कार्यवाही को समझेंगे और युवा अपने मौलिक एवं नैतिक कर्तव्यों के महत्व को जानेंगे। देश को विकसित बनाने के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर देश के विकास में अपना योगदान देंगे। यूथ आइकन शैली तोमर ने अपने पार्लियामेंट तक पहुँचने के सफ़र के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि निरंतर प्रयास और प्रयत्न करने से हम किसी भी ऊँचाई तक पहुँच सकते हैं। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. धु्रव कुमार ने कहा कि विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम युवा प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करने के लिए 2019 से प्रति वर्ष आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष यह कार्यक्रम युवा कनेक्ट कार्यक्रम के साथ आयोजित किया जा रहा है। युवा कनेक्ट कार्यक्रम युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की एक पहल है, जो माई भारत पोर्टल प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से देश के युवाओं और नीति निर्माताओं के बीच एक सेतु का कार्य करेगा। कार्यक्रम में मुरैना जिले के महाविद्यालय के प्रतिभागियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने विचार प्रस्तुत किए। जिसमें क्रमशः अंकित सिंह - शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मुरैना प्रथम, विपिन सिंह तोमर - स्नातकोत्तर महाविद्यालय अम्बाह द्वितीय, कुमारी हिमांशी - स्नातकोत्तर महाविद्यालय अम्बाह तृतीय, कु. स्नेहा अग्रवाल - स्नातकोत्तर महाविद्यालय अम्बाह चतुर्थ और रामू गुर्जर - श्रीराम कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन बानमौर पंचम स्थान पर रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिलीप कटारे ने किया और आभार डॉ. रामलखन द्वारा किया गया। कार्यक्रम में पार्षद श्री सोनू जोनवार, विधि महाविद्यालय मुरैना की प्राचार्य डॉ. अंजलि मुदगल, कोषाधिकारी श्री पवन शर्मा, डॉ. हरिशरण गोस्वामी, डॉ. डी.के. सिंह, डॉ. संजय सिंह राघव, डॉ. शशि अवस्थी, डॉ. हरिशरण गोस्वामी, डॉ. एके उपाध्याय, डॉ. आर.एल. सखवार, डॉ. किशोर कुमार अरोड़ा उपस्थित रहे।