क्षेत्रीय
27-Feb-2026
...


मुरैना ( ईएमएस ) | योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा त्रैमासिक नवांकुर समीक्षा बैठक का आयोजन जिला पंचायत सभागृह, मुरैना में किया गया। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव द्वारा नवांकुर समितियों की गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान श्री भार्गव ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित कार्यक्रमों एवं शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति का अवलोकन किया। उन्होंने आगामी समय में जिले में जल संरक्षण को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल देते हुए सभी नवांकुर संस्थाओं को इस दिशा में ठोस एवं परिणामोन्मुखी कार्य करने हेतु निर्देशित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चंबल संभाग समन्वयक श्री धर्मेंद्र सिंह सिसोदिया द्वारा की गई। उन्होंने विकासखंडवार नवांकुर संस्थाओं द्वारा संचालित गतिविधियों की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में जन सूचना केंद्रों की स्थापना, दीवार लेखन, संस्कार केंद्र संचालन, नर्सरी स्थापना तथा परिषद द्वारा निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक में जिले के समस्त विकासखंडों से चयनित नवांकुर संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला समन्वयक श्री सतीश सिंह तोमर द्वारा किया गया। बैठक में सभी संस्थाओं को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने एवं समाजोपयोगी गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।