- 2 आरोपियों से 13 लाख के जेवर बरामद जबलपुर, (ईएमएस)। रांझी थाना अंतर्गत शोभापुर में विगत दिनों हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 13 लाख मूल्य के सोने चांदी के जेवर बरामद किए है| मुखबिर तंत्र और सीसीटीव्ही फुटेज से मिले क्लू के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई । सीएसपी रांझी सतीश साहू और थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी ने यहां कंट्रोलरुम में पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि शोभापुर ग्रीन कालोनी रांझी निवासी क्वालिटी कंट्रोल विभाग से रिटायर मार्टिन खाखा अपने परिवार के साथ 18 दिसंबर 2025 को अपने पैतृक गांव जसपुर छत्तीसगढ़ गए थे, उसी दौरान उनके घर पर चोरी की वारदात हुई थी| इस मामलें में पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरु की| विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले इस अधार पर पुलिस ने बाबा टोला ठक्कर ग्राम थाना हनुमानताल निवासी 35 वर्षीय सुरेश चौधरी उर्फ सुर्रू और सिंधी केम्प बड़ी मदार टेकरी निवासी 25 वर्षीय जय चौधरी तक पहुंची| पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो उन्होंने वारदात करना स्वीकार किया| आरोपियों ने गत 6 जनवरी को रात में बाउंड्री वॉल फांदकर घर के पीछे से प्रवेश किया था। आरोपियों ने अपने पास रखे पेंचकस की मदद से दरवाजे का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की 4 चूड़ियां, 2 नेकलेस, 5 अंगूठियां, 2 कंगन, 5 जोड़ी कान के टॉप्स, 2 चैन, 1 मंगलसूत्र और 1 सोने का क्रॉस शामिल है। इसके अलावा चांदी की 2 जोड़ी पायल, 3 जोड़ी बिछिया और एक चांदी की कटोरी भी जब्त की गई है। कुल जब्त जेवरातों का वजन 8 तोला सोना और आधा किलो चांदी जब्त की है| पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत कार्रवाई की है| अपराधियों से पूछताछ की जा रही है ताकि अन्य मामलों का खुलासा किया जा सके । सुनील साहू / मोनिका/ 27 फरवरी 2026