क्षेत्रीय
27-Feb-2026
...


- 1 जनवरी से 25 फरवरी तक प्राप्त कुल 924 आवेदनों में 96 फीसदी आवेदनों का किया गया निराकरण कटनी (ईएमएस)। नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा की जा रही सतत निगरानी एवं कड़ी मॉनिटरिंग का सकारात्मक प्रभाव स्पष्ट रूप से परिलक्षित होने के साथ ही नगर निगम कटनी की जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन शाखा के कार्यों ने उल्लेखनीय गति पकड़ी है। इस संबंध में नोडल अधिकारी जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन सागर नायक ने बताया कि बीते 1 जनवरी 2026 से 25 फरवरी 2026 तक जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित प्राप्त कुल 924 आवेदनों में से 96 फीसदी आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। यह उपलब्धि न केवल प्रशासनिक दक्षता को दर्शाती है, बल्कि नागरिकों को त्वरित एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करती है। कुल प्राप्त 924 आवेदनों में 895 आवेदन निराकृत इस संबंध में नोड़ल अधिकारी श्री नायक ने बताया कि माह जनवरी 2026 में 1 तारीख से 25 फरवरी 2026 तक जन्म प्रमाण पत्र के कुल प्राप्त 484 आवेदनों में से 474 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। वहीं मृत्यु प्रमाण पत्र के 248 आवेदनों में से 242 आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता से किया गया है। इसी तरह विवाह प्रमाण पत्र हेतु प्राप्त 192 आवेदनों में से 181 आवेदनों का भी निराकरण किया जा चुका है। इस तरह तीनों सेवाओं के कुल प्राप्त 924 आवेदनों में 895 आवेदनों अर्थात लगभग 97 फीसदी आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है। निगम प्रशासन द्वारा विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि शेष प्रकरणों का भी शीघ्र, नियम सम्मत एवं पारदर्शी तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा नागरिक हित में सेवाओं की गुणवत्ता सुधार एवं प्रक्रियाओं के सरलीकरण की दिशा में प्रयास निरंतर जारी रखे जाएं। / ईएमएस /27/02/2026