क्षेत्रीय
27-Feb-2026
...


देवरी/सागर (ईएमएस)| पंडित बृजकिशोर पटेरिया शिक्षा महाविद्यालय, देवरी में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी राष्ट्रीय विज्ञान दिवस (28 फरवरी) के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ हुआ। कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर महाविद्यालय के संचालक डॉ. अवनीश मिश्रा, बीकेपी कॉलेज ऑफ फार्मेसी के प्राचार्य डॉ. अनीश अहमद तथा शासकीय महाविद्यालय जैसीनगर से डॉ. आशीष जैन (अतिथि विद्वान, वनस्पति शास्त्र) मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। मंचासीन विद्वानों ने अपने उद्बोधनों में विज्ञान के बढ़ते प्रभाव, दैनिक जीवन में विज्ञान की अनिवार्यता तथा विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवाओं और विद्यार्थियों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. अवनीश मिश्रा ने कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह जीवन को बेहतर, तार्किक और प्रगतिशील बनाने की सतत प्रक्रिया है। उन्होंने छात्रों को जिज्ञासु, प्रयोगधर्मी और नवोन्मेषी बनने के लिए प्रेरित किया। अपने प्रभावी व्याख्यान में डॉ. आशीष जैन ने छोटे-छोटे क्रियाकलापों और सरल प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान को रोचक एवं व्यवहारिक ढंग से सीखने पर जोर दिया। वहीं डॉ. अनीश अहमद ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, फार्मेसी एवं अनुप्रयुक्त विज्ञान के उभरते अवसरों तथा अनुसंधान की संभावनाओं से अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के व्याख्याता पं. श्री शिवम शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री संतोष तिवारी, श्री सुनील कुमार दुबे, श्री शनि तिवारी, सुश्री रीतिका ठाकुर, सुश्री बुशरा खान, सुश्री श्रुति चौरसिया, श्रीमती आरती मेहरा, श्रीमती सत्यवती विश्वकर्मा, सुश्री प्रियांशी लोधी सहित समस्त महाविद्यालयीन स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आगामी दिनों में विभिन्न वैज्ञानिक प्रतियोगिताएं, प्रदर्शनी एवं जागरूकता गतिविधियां आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। निखिल सोधिया/ईएमएस/27/02/2026