भोपाल(ईएमएस)। भोपाल (देहात) अंतर्गत थाना ईटखेड़ी क्षेत्र में स्थित जेएनसीटी कॉलेज, लांबाखेड़ा में दिनांक 27.02.2026 को जिला भोपाल (देहात) में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक एवं उच्च अधिकारियों हेतु एक दिवसीय उन्नयन सेमिनार का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) रामशरण प्रजापति द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर सेमिनार के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. नीरज चौरसिया, एसडीओपी ईटखेड़ी सुश्री मंजू चौहान, एसडीओपी बिलखिरिया श्रीमती अंतिमा समाधियां, एसडीओपी बैरसिया सुश्री वैशाली, निरीक्षक श्याम किशोर झरवडे सहित समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे। सेमिनार में विषय-विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा विधिक, अनुसंधान एवं तकनीकी विषयों पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साइबर अपराध विषय पर एडीसीपी सायबर क्राइम शैलेन्द्र सिंह चौहान द्वारा प्रभावी प्रशिक्षण दिया गया। महिला अपराध एवं पॉक्सो एक्ट पर डीपीओ श्रीमती मनीषा पटेल द्वारा विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया। एससी/एसटी एक्ट के प्रावधानों पर दीपाली जैन द्वारा व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। अपराध विवेचना की गुणवत्ता एवं तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी संकलन पर सीआईडी पुलिस मुख्यालय भोपाल के अधिकारी विजय बंसल द्वारा विशेषज्ञ सत्र लिया गया। प्रशिक्षण के दौरान कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, विवेचना की गुणवत्ता में सुधार, साइबर अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा आधुनिक पुलिसिंग तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर विशेष बल दिया गया। समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक रामशरण प्रजापति द्वारा अधिकारियों को कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता एवं व्यावसायिक दक्षता के साथ कार्य करने हेतु प्रेरित किया गया। यह सेमिनार अधिकारियों की कार्यकुशलता में वृद्धि, आपसी समन्वय सुदृढ़ करने एवं पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न थानों से अधिकारीगण उपस्थित रहे तथा अंत में प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से व्यवहारिक समस्याओं पर चर्चा कर समाधान साझा किए गए। हरि प्रसाद पाल / 27 फरवरी, 2026