इन्दौर (ईएमएस) पितरेश्वर हनुमान जी का छठा प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव पितृ पर्वत स्थित पितरेश्वर हनुमान धाम पर आज मनाया जाएगा। जिसमें पितरेश्वर हनुमान जी अंजनी माता की रसोई में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। इस अवसर पर हजारों भक्त दीपों से महाआरती करेंगे तथा 56 भोग लगा फाग उत्सव भी मनाया जाएगा।पितरेश्वर हनुमान धाम सेवा न्यास के आकाश विजयवर्गीय, महेश दलोद्रा ने बताया कि वार्षिकोत्सव की शुरुआत साधु-संतों व विद्वान पंडितों की उपस्थिति में पितृरेश्वर हनुमान जी का पूजन-अर्चन करके की जाएगी। महाआरती होगी, हनुमान चालीसा का पाठ भी होगा। आयोजन में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित भक्त मौजूद रहेंगे। लेजर लाइट में प्रभु श्रीराम व हनुमानजी की विभिन्न मुद्राओं के दर्शन भी होंगे। मथुरा से आये कलाकारों द्वारा 56 भोग का निर्माण कर बाबा को भोग अर्पित किया जाएगा। इस अवसर पर मां अंजना की रसोई में हनुमानजी की प्रतिमा विराजित की जाएगी, जिसके आलौकिक स्वरूप के दर्शन भक्तों को होंगे। दर्शन शाम 4 बजे से शुरू होंगे और महाआरती शाम 6 बजे होगी। इस मौके पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित शहर के श्रद्धालु मौजूद रहेंगे। इसके बाद महाप्रसादी का वितरण होगा। इस दौरान फाग उत्सव का आयोजन भी होगा, जिसमें गायक कलाकार फाग गीतों की प्रस्तुति देंगे। फूलों से होली खेली जाएगी, जिसमें भक्त शामिल होंगे। आनंद पुरोहित/ 27 फरवरी 2026