:: मुख्यमंत्री डॉ. यादव वर्चुअली होंगे शामिल; 3 माह चलेगा कैंसर रोधी अभियान :: इंदौर/अजमेर (ईएमएस)। महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी को राजस्थान के अजमेर से राष्ट्रव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ करेंगे। भारत में स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के लिए दूसरा सबसे बड़ा खतरा है, जिसका 99 प्रतिशत कारण एचपीवी वायरस ही होता है। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़ेंगे, वहीं इंदौर जिले में दोपहर 12 बजे से 23 निर्धारित केंद्रों पर इस टीकाकरण की शुरुआत होगी। यह टीका उन किशोरियों को लगाया जाएगा जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, लेकिन 15 वर्ष की नहीं हुई हैं। बाजार में इस वैक्सीन की एक खुराक की कीमत लगभग 4000 से 5000 रुपये है, जिसे सरकार द्वारा पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस वायरस से बचाव के लिए सिंगल डोज वैक्सीन पूरी तरह प्रभावी और सुरक्षित है। विश्व के लगभग 148 देशों में इस टीके का सफल उपयोग किया जा रहा है। टीकाकरण के लिए यू-वीन (U-Win) पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण अनिवार्य होगा। लाभार्थी पोर्टल पर सेल्फ-रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं या टीकाकरण केंद्र पर ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की सुविधा भी ले सकेंगे। स्लॉट बुकिंग के लिए आधार कार्ड, जन्म प्रमाण-पत्र, स्टूडेंट आईडी या बैंक पासबुक जैसे पहचान पत्र मान्य होंगे। सफल टीकाकरण के बाद पोर्टल के माध्यम से ही डिजिटल प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। :: इंदौर में विशेष व्यवस्था :: इंदौर जिले में टीकाकरण के लिए 23 केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ प्रतिदिन कार्य दिवसों पर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिन बच्चों को पूर्व में यह टीका लग चुका है, उन्हें दोबारा खुराक नहीं दी जाएगी, लेकिन उनकी जानकारी यू-वीन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। टीकाकरण के बाद प्रत्येक बालिका को 30 मिनट तक अनिवार्य चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाएगा। प्रकाश/24 फरवरी 2026